5 करोड़ की रंगदारी नहीं देने पर कारोबारी को जान से मारने की धमकी
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!बोकारो जिले के बीएस सिटी थाना क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां शराब और लोहा व्यवसाय से जुड़े एक कारोबारी को व्हाट्सएप के माध्यम से 5 करोड़ रुपये की रंगदारी नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी गई है।
जानकारी के अनुसार, एलएच कॉलोनी निवासी कारोबारी रितेश सिंह ने सिटी थाना प्रभारी को लिखित आवेदन देकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई है। अपने आवेदन में उन्होंने बताया कि अज्ञात अपराधियों द्वारा व्हाट्सएप मैसेज और कॉल के जरिए उनसे 5 करोड़ रुपये की मांग की जा रही है।
पीड़ित का आरोप है कि रकम नहीं देने की स्थिति में उन्हें जान से मारने की धमकी दी जा रही है। इस घटना के बाद से उनके परिवार में भय का माहौल बना हुआ है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। पुलिस व्हाट्सएप नंबर और कॉल डिटेल्स के जरिए आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।