झरिया के बस्ताकोला में महिला से दुष्कर्म का प्रयास, विरोध करने पर पति सहित पूरे परिवार से मारपीट
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
झरिया (धनबाद): झरिया थाना क्षेत्र के बस्ताकोला में महिला के साथ दुष्कर्म के प्रयास का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता ने स्थानीय युवकों पर घर में घुसकर जबरन दुष्कर्म का प्रयास करने और विरोध करने पर परिवार के साथ मारपीट करने का गंभीर आरोप लगाया है।
इस संबंध में पीड़िता कविता पासवान ने झरिया थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता के अनुसार, 17 मार्च की शाम करीब 4:30 बजे वह अपने घर पर अकेली मौजूद थी। इसी दौरान शशि पासवान, गुलाम पासवान और बटुक पासवान जबरन घर में घुस आए और उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास करने लगे।
महिला के शोर मचाने पर जब उसके पति बाल्मिकी पासवान मौके पर पहुंचे और विरोध किया, तो आरोपियों ने उनके साथ भी जमकर मारपीट की। पीड़िता का आरोप है कि आरोपियों ने उसे भी बुरी तरह पीटा और घर से बाहर खींचकर मारपीट की।
इतना ही नहीं, आरोपियों ने पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़िता ने बताया कि उसकी बेटी स्नेहा कुमारी को भी जान से मारने की धमकी दी गई है, जिससे पूरा परिवार भय के साये में जीने को मजबूर है।
घटना के बाद पीड़िता ने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा और न्याय की गुहार लगाई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
झरिया में महिला से दुष्कर्म का प्रयास, विरोध करने पर पति समेत पूरे परिवार को पीटा—इलाके में दहशत