धनबाद सिटी सेंटर में रंगदारी को लेकर दुकानदार से मारपीट, मुख्य आरोपी रोशन सिंह गिरफ्तार; पुलिस ने कराई सरेआम परेड

धनबाद : निकाय चुनाव के मतगणना के दिन सिटी सेंटर इलाके में रंगदारी को लेकर दुकानदार के साथ हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था, जिसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

जानकारी के अनुसार सिटी सेंटर क्षेत्र के दुकानदार मंगल सिंह के साथ कुछ लोगों ने रंगदारी को लेकर मारपीट की थी। इस हमले में मंगल सिंह को गंभीर चोटें आई थीं। घटना के बाद पीड़ित दुकानदार ने धनबाद थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस जांच में इस मामले में कुल पांच लोगों को आरोपी बनाया गया है। इनमें से एक आरोपी को पहले ही जेल भेजा जा चुका है। लगातार छापेमारी के बाद पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी रोशन सिंह को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी रोशन सिंह की सरेआम परेड कराई। पुलिस उसे सिटी सेंटर से मधुलिका होटल तक पैदल घुमाते हुए ले गई, ताकि आम लोगों को यह संदेश दिया जा सके कि अपराध करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

इस पूरे मामले में धनबाद थाना प्रभारी मनोज पांडेय और सब इंस्पेक्टर राजेश कुमार की अहम भूमिका रही। दोनों अधिकारियों के नेतृत्व में पुलिस टीम ने लगातार छापेमारी कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।

धनबाद थाना प्रभारी ने बताया कि इस कार्रवाई का उद्देश्य साफ संदेश देना है कि कानून से ऊपर कोई नहीं है। पुलिस ने यह भी कहा कि इस मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है और उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

About Author

error: Content is protected !!