Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
धनबाद : अपनी विभिन्न मांगों को लेकर झारखंड राज्य मनरेगा कर्मचारी संघ के प्रदेश स्तरीय आह्वान पर 9 मार्च 2026 को धनबाद जिले के सभी प्रखंडों के मनरेगा कर्मियों ने धरना-प्रदर्शन कर राज्य सरकार के खिलाफ अपना आक्रोश प्रकट किया।
वहीं 10 मार्च 2026 को धनबाद जिला मुख्यालय स्थित रणधीर वर्मा चौक पर मनरेगा कर्मियों ने एकजुट होकर जोरदार प्रदर्शन किया और सरकार से अपनी लंबित मांगों को जल्द पूरा करने की मांग की। प्रदर्शन कर रहे कर्मियों ने ग्रेड-पे लागू करने, हर माह निश्चित समय पर मानदेय भुगतान की व्यवस्था करने तथा पिछले छह माह से लंबित मानदेय का अविलंब भुगतान करने की मांग उठाई।
मनरेगा कर्मियों का कहना है कि पिछले छह महीनों से राज्यभर में मानदेय का भुगतान नहीं होने के कारण उनकी आर्थिक स्थिति काफी खराब हो गई है। बीते वर्ष दुर्गा पूजा, इस वर्ष होली, रमजान और ईद जैसे बड़े पर्व-त्योहार भी बिना मानदेय के गुजर गए, जिससे कर्मचारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
कर्मियों ने बताया कि मानदेय नहीं मिलने के कारण बच्चों की स्कूल फीस, परीक्षा शुल्क, दवा और राशन तक की व्यवस्था करना मुश्किल हो गया है। इससे उनके परिवारों की आर्थिक स्थिति पूरी तरह चरमरा गई है।
इन्हीं मांगों को लेकर मनरेगा कर्मियों ने आंदोलन का रुख अपनाया है। संघ ने झारखंड के मुख्यमंत्री और ग्रामीण विकास मंत्री से अपील की है कि कर्मियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जल्द समाधान किया जाए और उनके हित में ठोस पहल की जाए।
इस संबंध में जानकारी देते हुए प्रदेश प्रवक्ता मुकेश राम ने कहा कि यदि जल्द मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।