लोयाबाद में दो गुटों की झड़प, पत्थरबाजी में पुलिस अवर निरीक्षक घायल, पांच हिरासत में

लोयाबाद में दो गुटों की झड़प, पत्थरबाजी में पुलिस अवर निरीक्षक घायल, पांच हिरासत में

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

धनबाद: लोयाबाद थाना क्षेत्र के एकड़ा इलाके में गुरुवार शाम दो गुटों के बीच हुई झड़प को शांत कराने पहुंचे लोयाबाद थाना के अवर निरीक्षक रोहित कुमार महतो पत्थरबाजी में घायल हो गए। उपद्रवियों द्वारा किए गए पथराव में उनके चेहरे पर चोट लगी। घायल अवस्था में उन्हें आनन-फानन में एक स्थानीय नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उनके चेहरे पर तीन टांके लगाए।
घटना में एकड़ा निवासी राहुल पासवान और मुकेश गुप्ता भी घायल हो गए। वहीं पत्थरबाजी के दौरान लोयाबाद गश्ती दल के अन्य जवान बाल-बाल बच गए।


सूचना मिलते ही करीब आधा दर्जन थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई और उपद्रवियों की तलाश में पुटकी थाना क्षेत्र के गोपालीचक पासी पट्टी और पासवान पट्टी में छापेमारी की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बिनोद पासी, सूरज कुमार हरिजन, अशोक कुमार तांती, गुड्डू कुमार और गोवर्धन कुमार को हिरासत में लेकर लोयाबाद थाना ले आई है, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है।

छापेमारी के दौरान गोपालीचक पासी पट्टी और पासवान पट्टी के कई लोग पुलिस के डर से अपने घरों में ताला लगाकर फरार हो गए। इलाके के कई घरों में बाहर से ताला लटका हुआ पाया गया। समाचार लिखे जाने तक पुलिस की छापेमारी जारी थी और मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की तैयारी चल रही थी।

क्या है पूरा मामला
बताया जाता है कि गुरुवार शाम करीब चार बजे एकड़ा शिव मंदिर के पास रहने वाले बीसीसीएल कर्मी राहुल पासवान एकड़ा पुल के समीप कुछ लोगों के साथ बैठे थे। उसी स्थान पर गोपालीचक पासी पट्टी और पासवान पट्टी के कुछ युवक भी मौजूद थे। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई, जो धीरे-धीरे गाली-गलौज और मारपीट में बदल गई।


स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप के बाद दोनों पक्ष वहां से हट गए। लेकिन करीब एक घंटे बाद गोपालीचक पासी पट्टी और पासवान पट्टी के करीब 70-80 लोग लाठी-डंडे के साथ राहुल पासवान के घर पर पहुंच गए और उसकी पिटाई करने लगे। बीच-बचाव करने पहुंचे मुकेश गुप्ता को भी लोगों ने पीट दिया। इस दौरान जमकर पत्थरबाजी भी हुई।
पत्थरबाजी और मारपीट की सूचना मिलते ही अवर निरीक्षक रोहित कुमार महतो गश्ती दल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति नियंत्रित करने का प्रयास करने लगे। इसी दौरान उपद्रवी लोगों ने पुलिस पर भी पथराव कर दिया, जिसमें रोहित कुमार घायल हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही केंदुआडीह अंचल निरीक्षक जय प्रकाश महतो समेत पुटकी, लोयाबाद, जोगता, सोनारडीह, भागाबांध और मुनीडीह थाना की पुलिस मौके पर पहुंच गई और इलाके में स्थिति को नियंत्रित किया।
लोयाबाद थाना प्रभारी पिकु प्रसाद ने बताया कि दो गुटों की झड़प को शांत कराने पहुंचे अवर निरीक्षक रोहित कुमार पर कुछ उपद्रवी लोगों ने पथराव कर दिया, जिससे वे घायल हो गए। पुलिस ने पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और दोषियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

About Author

error: Content is protected !!