आय से 330% अधिक संपत्ति मामले में रिटायर एएसआई लालेश्वर सिंह गिरफ्तार
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!धनबाद: आय से अधिक संपत्ति के चर्चित मामले में धनबाद एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने रिटायर एएसआई लालेश्वर सिंह को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। वे हीरापुर पुलिस लाइन स्थित एक्स कोल बोर्ड कॉलोनी में डीएसपी हाउस के समीप रहते हैं।
एसीबी को उनके खिलाफ गुमनाम शिकायत प्राप्त हुई थी, जिसके बाद प्रारंभिक जांच शुरू की गई। जांच के आधार पर 4 जनवरी 2023 को आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया गया। जांच में खुलासा हुआ कि उनकी कुल संपत्ति उनकी ज्ञात आय से लगभग 330 प्रतिशत अधिक पाई गई।
लालेश्वर सिंह मूल रूप से बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के कृष्णा नगर के निवासी हैं। वे धनबाद रेल पुलिस में एएसआई पद पर कार्यरत रहे थे और कुछ वर्ष पूर्व सेवानिवृत्त हुए। इससे पहले वे जामताड़ा और गोड्डा में सिपाही एवं एएसआई के रूप में भी अपनी सेवा दे चुके हैं। वे पूर्व केंद्रीय मंत्री Rita Verma के अंगरक्षक भी रह चुके हैं।
प्राथमिकी दर्ज होने के बाद उन्होंने धनबाद एसीबी कोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दाखिल की थी, जिसे 13 जून 2024 को साक्ष्यों के आधार पर खारिज कर दिया गया। जमानत याचिका खारिज होने के बाद से एसीबी उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी थी।
बताया जा रहा है कि धनबाद में एसीबी थाना शुरू होने के बाद यह पहला मामला है, जिसमें एएसआई स्तर के किसी पुलिसकर्मी को आय से अधिक संपत्ति के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तारी के दौरान लालेश्वर सिंह की तबीयत अचानक बिगड़ गई और उनका शुगर लेवल बढ़ गया। कोर्ट के निर्देश पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।