धनबाद में होली को लेकर पुलिस हाई अलर्ट, हाई-इंटेंसिटी मॉक ड्रिल आयोजित

धनबाद: होली पर्व को लेकर Dhanbad पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। एसएसपी के निर्देश पर पुलिस केंद्र में हाई-इंटेंसिटी मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया, जिसमें कानून-व्यवस्था से जुड़ी किसी भी आपात स्थिति से निपटने का रिहर्सल किया गया।

प्रशिक्षु आईपीएस अंकित सिन्हा के नेतृत्व में जवानों ने लाठीचार्ज, आंसू गैस के प्रयोग, वॉटर कैनन संचालन, रबर बुलेट और फायरिंग की प्रक्रिया का अभ्यास किया। मॉक ड्रिल के दौरान दंगाई हालात, भीड़ नियंत्रण और त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली की तैयारियों को बारीकी से परखा गया।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि होली के दौरान हुड़दंग, अफवाह फैलाने या शांति भंग करने की किसी भी कोशिश पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आम नागरिकों से सौहार्दपूर्ण और शांतिपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाने की अपील की है।
धनबाद पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि पूरे शहर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, ताकि सभी लोग सुरक्षित और उल्लासपूर्ण माहौल में रंगों का त्योहार मना सकें।