सरेआम पिटाई के बाद नाबालिग की आत्महत्या मामला: दलित समाज ने की निष्पक्ष जांच की मांग
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!रामकनाली पुलिस ने आरोपी संजय व उसकी पत्नी को भेजा जेल, अन्य की तलाश तेज

धनबाद | कतरास :
रामकनाली ओपी क्षेत्र में 1 जनवरी को बीच सड़क पर मां-बेटी के साथ हुई सरेआम मारपीट और उसके बाद 16 वर्षीय नाबालिग लड़की द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की घटना ने तूल पकड़ लिया है। इस घटना को लेकर दलित समाज में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।
शनिवार को राजकुमार दास, श्यामलाल दास, पुनीत तुरी, पिंटू तुरी, शंकर तुरी समेत दलित समाज के दर्जनों लोग रामकनाली ओपी पहुंचे और ओपी प्रभारी संतोष कुमार रवि से मुलाकात की। लोगों ने पीड़ित महिला और उसकी बेटी को न्याय दिलाने, निष्पक्ष जांच करने तथा सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
इस मामले में बहुजन समाज कल्याण संघ के केंद्रीय अध्यक्ष निशांत कुमार ने भी पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि पीड़िता को शीघ्र न्याय नहीं मिला तो संगठन आंदोलन करेगा और मामले की शिकायत उच्च अधिकारियों से की जाएगी।
वहीं ओपी प्रभारी संतोष कुमार रवि ने लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा कि पुलिस मामले को गंभीरता से ले रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बताया गया कि पीड़िता की मां के फर्द बयान के आधार पर चार नामजद और दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी संजय और उसकी पत्नी चाइना देवी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी अभियान तेज कर दिया गया है।