कनकनी कोलियरी में आउटसोर्सिंग अधिकारियों से मारपीट, पीओ को धमकी — 12 नामजद पर मामला दर्ज

कनकनी कोलियरी में आउटसोर्सिंग अधिकारियों से मारपीट, पीओ को धमकी — 12 नामजद पर मामला दर्ज

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

धनबाद / लोयाबाद :
कनकनी कोलियरी में संचालित रामअवतार आउटसोर्सिंग कंपनी के अधिकारियों के साथ धक्का-मुक्की एवं मारपीट की घटना सामने आई है। साथ ही कोलियरी के पीओ धीरज कुमार सिन्हा को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी गई है।
इस मामले में लोयाबाद पासी पट्टी निवासी मंटू चौहान, आकाश पासी, भुनेश्वर दास सहित अन्य लोगों पर आरोप लगा है। पीओ की लिखित शिकायत के आधार पर लोयाबाद थाना में कुल 12 नामजद एवं अन्य अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पीओ द्वारा दर्ज कराई गई प्राथमिकी के अनुसार, 27 दिसंबर को प्रथम पाली में करीब 11:30 बजे, मंटू चौहान को कोयला चोरी करने से मना किए जाने पर वह लगभग 15–20 महिला-पुरुषों के साथ रामअवतार आउटसोर्सिंग कंपनी के पैच-डी में जबरन घुस आया। आरोप है कि गाली-गलौज करते हुए कार्य को बाधित किया गया और मारपीट की धमकी दी गई।
जब साइड इंचार्ज मो. तौसीफ अकरम ने हस्तक्षेप कर कार्य चालू कराया, तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और कहा कि काम तभी होने दिया जाएगा जब उन्हें कोयला लेने दिया जाएगा।
पीओ ने यह भी बताया कि इससे पहले 9 दिसंबर को भी मंटू चौहान द्वारा ग्रामीणों की आड़ में कंपनी का कार्य बाधित किया गया था। उस समय पुलिस की मौजूदगी में समझाने का प्रयास करने पर मंटू चौहान ने उन्हें भी गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी थी। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद कार्य पुनः शुरू कराया गया था।

कनकनी कोलियरी के पीओ धीरज कुमार सिन्हा ने बताया कि उन्होंने थाना में मंटू चौहान सहित अन्य लोगों के खिलाफ लिखित शिकायत दी है। उन्हें भी जान से मारने एवं गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई है। उन्होंने पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

About Author

error: Content is protected !!