45 दिन बाद खुला बरमसिया ओवरब्रिज, धनबाद को मिली बड़ी राहत
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!धनबाद : लगभग 45 दिनों तक बंद रहने के बाद बरमसिया ओवरब्रिज को सोमवार से पूरी तरह यातायात के लिए खोल दिया गया। ओवरब्रिज खुलते ही छोटी और बड़ी सभी गाड़ियों की आवाजाही शुरू हो गई है, जिससे धनबाद शहर की लाखों आबादी ने राहत की सांस ली है।
पुल बंद रहने के दौरान बैंक मोड़ और आसपास के इलाकों में ट्रैफिक का दबाव काफी बढ़ गया था। वैकल्पिक मार्गों से गुजरने के कारण लोगों को लंबा जाम और अतिरिक्त समय का सामना करना पड़ रहा था। अब ओवरब्रिज के खुलने से बैंक मोड़ क्षेत्र को भी अतिरिक्त ट्रैफिक लोड से राहत मिली है और यातायात व्यवस्था पटरी पर लौटती नजर आ रही है।
मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद पुल की सुरक्षा और मजबूती को लेकर लोड टेस्टिंग की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। इसके तहत पुल पर भारी वाहनों को खड़ा कर उसकी भार क्षमता और स्थिरता की जांच की जा रही है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि ओवरब्रिज पूरी तरह सुरक्षित है।
पुल के खुलने पर स्थानीय लोगों और वाहन चालकों ने खुशी जताते हुए प्रशासन और पथ निर्माण विभाग का आभार व्यक्त किया है। लोगों को उम्मीद है कि बरमसिया ओवरब्रिज अब लंबे समय तक सुरक्षित रूप से शहर की यातायात व्यवस्था को संभालेगा।