टेलीग्राम–व्हाट्सएप से शुरू हुआ ठगी का जाल, बोकारो की इंजीनियर युवती से 9.40 लाख की साइबर ठगी

टेलीग्राम–व्हाट्सएप से शुरू हुआ ठगी का जाल, बोकारो की इंजीनियर युवती से 9.40 लाख की साइबर ठगी

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

बोकारो: जिले में साइबर अपराधियों का नेटवर्क लगातार सक्रिय होता जा रहा है। ताजा मामला बोकारो के सेक्टर-9 से सामने आया है, जहां 26 वर्षीय महिला इंजीनियर को फर्जी ऑनलाइन ट्रेडिंग स्कीम में फंसाकर साइबर ठगों ने 9 लाख 40 हजार रुपये की ठगी कर ली।
पीड़िता अंकिता (बदला हुआ नाम) ने पुलिस को बताया कि 6 नवंबर से 18 नवंबर के बीच उसे पहले WhatsApp और फिर Telegram के एक ग्रुप में जोड़ा गया। इस ग्रुप में ऑनलाइन ट्रेडिंग के ज़रिए मोटे मुनाफे का लालच दिया गया। भरोसा जीतने के बाद ठगों ने उसके नाम पर एक ट्रेडिंग अकाउंट खुलवाया।
इसके बाद आरोपियों ने अलग-अलग बैंक खातों में निवेश के नाम पर पैसे ट्रांसफर करवाए। कुछ ही दिनों में पीड़िता के खाते से कुल ₹9.40 लाख ठगों के खातों में ट्रांसफर हो गए। जब बार-बार मांग के बावजूद न तो मुनाफा मिला और न ही पैसा वापस हुआ, तब उसे ठगी का एहसास हुआ।
पीड़िता ने मामले की शिकायत साइबर थाना में दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का बयान
मामले की पुष्टि करते हुए हेडक्वार्टर DSP अनिमेष कुमार गुप्ता ने बताया कि साइबर ठगी का केस दर्ज कर लिया गया है और ठगों की पहचान व खातों की जांच की जा रही है। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि वे जल्द मुनाफे के लालच में न आएं।
DSP ने कहा कि साइबर अपराधी सोशल मीडिया, Telegram और WhatsApp ग्रुप के ज़रिए लोगों को फंसाते हैं। किसी भी अनजान लिंक, ट्रेडिंग स्कीम या ऑनलाइन गेम से दूरी बनाए रखें।
साइबर पुलिस की अपील
अनजान WhatsApp–Telegram ग्रुप से सावधान रहें
ज्यादा मुनाफे का दावा करने वाली स्कीम पर भरोसा न करें
संदिग्ध लिंक या ऐप डाउनलोड न करें
साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन या नजदीकी साइबर थाना से संपर्क करें

About Author

error: Content is protected !!