बरवाअड्डा कृषि बाजार स्थित पुराने थाना भवन में गोविंदपुर अंचल पुलिस निरीक्षक कार्यालय का शुभारम्भ
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
धनबाद: बरवाअड्डा कृषि बाजार स्थित पुराने थाना परिसर में रविवार को गोविंदपुर अंचल पुलिस निरीक्षक के नवनिर्मित कार्यालय का शुभारम्भ वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार द्वारा किया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में पुलिस पदाधिकारी, बाजार समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

शुभारम्भ समारोह को संबोधित करते हुए एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि इस परिसर में पुलिस निरीक्षक कार्यालय की स्थापना से क्षेत्र में विधि-व्यवस्था संधारण और अपराध नियंत्रण को मजबूती मिलेगी। उन्होंने बताया कि बाजार समिति से बरवाअड्डा थाना के स्थानांतरण के बाद व्यापारियों एवं स्थानीय नागरिकों द्वारा पुराने थाना भवन में टीओपी स्थापित करने की मांग की जा रही थी। सुरक्षा आवश्यकताओं को देखते हुए टीओपी के स्थान पर गोविंदपुर अंचल पुलिस निरीक्षक कार्यालय स्थापित करने का निर्णय लिया गया।

एसएसपी ने जानकारी दी कि इस अंचल निरीक्षक कार्यालय में कुल 10 अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है, जिसमें 2 पदाधिकारी और 8 जवान शामिल हैं। सभी पुलिसकर्मी 24 घंटे तैनात रहेंगे और बाजार समिति परिसर सहित आसपास के इलाकों में नियमित गश्त करेंगे। साथ ही स्थानीय नागरिक अपनी किसी भी समस्या या शिकायत को लेकर सीधे अंचल निरीक्षक कार्यालय से संपर्क कर सकेंगे।
सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के लिए थाना परिसर के सामने ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (ANPR) कैमरा लगाए जाने की भी जानकारी दी गई। इस कैमरे के माध्यम से सड़क से गुजरने वाले वाहनों की निगरानी की जाएगी और नंबर प्लेट के आधार पर वाहनों की पहचान की जा सकेगी।
इसके अलावा बाजार समिति के सहयोग से बाजार परिसर में एक आधुनिक कंट्रोल रूम स्थापित करने की योजना पर भी कार्य प्रगति पर है। इसके तहत पूरे कृषि बाजार परिसर को अंदर और बाहर से सीसीटीवी कैमरों से लैस किया जाएगा। आपातकालीन स्थिति में त्वरित सूचना के लिए बाजार परिसर में सायरन सिस्टम लगाने की भी योजना है।
कार्यक्रम के दौरान बाजार समिति के सदस्यों ने एसएसपी प्रभात कुमार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पुलिस निरीक्षक कार्यालय की स्थापना से बाजार समिति की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हुई है और अब व्यापारी बिना किसी भय के अपना व्यवसाय कर सकेंगे।
इस मौके पर एसएसपी प्रभात कुमार के साथ डीएसपी मुख्यालय शंकर कामती, डीएसपी यातायात अरविन्द कुमार सिंह, डीएसपी साइबर संजीव कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं बाजार समिति के सदस्य उपस्थित रहे।