स्कूटी सवार युवती को स्कॉर्पियो ने मारी टक्कर, बीच सड़क पर हाई-वोल्टेज ड्रामा
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
धनबाद के नया बाजार के पास सोमवार को एक स्कूटी सवार युवती को स्कॉर्पियो ने टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और गुस्साए लोगों ने स्कॉर्पियो सवार युवक की जमकर पिटाई कर दी। करीब 20 मिनट तक सड़क पर हाई-वोल्टेज ड्रामा चलता रहा। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया, साथ ही सड़क पर रुका आवागमन भी बहाल करवाया।

घटना के बाद स्कूटी सवार युवती के भाई ने बताया कि नया बाजार इलाका काफी ट्रैफिक वाला है। सड़क पार करते समय उन्होंने रुकने का संकेत दिया था, लेकिन स्कॉर्पियो चालक ने जानबूझकर टक्कर मारी और अभद्र भाषा का प्रयोग किया। विरोध करने पर मामला बढ़ गया और ये पूरी घटना सामने आई। पीड़ित पक्ष ने जिला के वरीय अधिकारियों से शिकायत करने की बात कही है।

वहीं स्कॉर्पियो चालक ने अपने ऊपर लगे आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि चौक पर सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, फुटेज सब कुछ साफ कर देगा। उन्होंने कहा कि ट्रैफिक जाम में से निकलते समय स्कूटी अचानक आगे आ गई, जिससे हल्की टक्कर हो गई। इसके बाद भीड़ इकट्ठा कर उनके साथ मारपीट की गई और माहौल बिगाड़ने की कोशिश हुई।
पुलिस ने दोनों पक्षों से पूछताछ कर मामले को शांत कराया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अब आगे की कार्रवाई की जाएगी।