निरसा विधानसभा क्षेत्र में ईडी की बड़ी कार्रवाई — अवैध कोयला सिंडिकेट का मुख्य सरगना गिरफ्तार, कई माफिया हुए अंडरग्राउंड
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
धनबाद जिले के निरसा विधानसभा क्षेत्र से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर सामने आ रही है। अवैध कोयला कारोबार में वर्षों से सक्रिय सिंडिकेट पर प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने चिरकुंडा के कुख्यात कोयला कारोबारी विनोद महतो को हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि वह इस पूरे सिंडिकेट का मुख्य सरगना है और खुलेआम अवैध कोयले का धंधा चलाता था।
ईडी की इस कार्रवाई के बाद निरसा क्षेत्र में कोयला माफिया और तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है। कई लोग अंडरग्राउंड हो गए हैं।
सूत्रों के मुताबिक, चिरकुंडा स्थित विनोद महतो के आवास से ईडी की टीम ने लगभग 21 लाख रुपये नकद, कई महत्वपूर्ण दस्तावेज, और एक लैपटॉप जब्त किया है।
कहा जा रहा है कि उसके पास मिली डायरी में कई पुलिस अधिकारियों, नेताओं, पत्रकारों और अन्य प्रभावशाली लोगों से जुड़े लेन-देन का जिक्र है। अगर ईडी कड़ाई से पूछताछ करती है तो निरसा क्षेत्र के कई दिग्गजों के नाम सामने आ सकते हैं।
यह भी बताया जा रहा है कि यह निरसा विधानसभा क्षेत्र में अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ ईडी की पहली बड़ी कार्रवाई है, जिसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। स्थानीय लोग भी इस कार्रवाई को लेकर चकित हैं, क्योंकि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध कारोबार को राजनीतिक और प्रशासनिक संरक्षण मिलने की चर्चा होती रही है।
ईडी अब हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि अवैध कोयले का पैसा आखिर किन-किन चैनलों के जरिए पहुंचता था और किन बड़े लोगों की इसमें मिलीभगत है।