कलाकार के साथ मारपीट पर फूटा आक्रोश, बड़ी संख्या में जुटे धनबाद के कलाकार
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
धनबाद: शादी समारोह में गीत गाने गए कलाकार के साथ मारपीट के विरोध में गुरुवार को धनबाद के सैकड़ों कलाकारों ने रणधीर वर्मा चौक स्थित गांधी सेवा सदन में प्रदर्शन किया। सभी ने आरोपी दूल्हे और उसके परिजनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

जानकारी के मुताबिक, गोविंदपुर निवासी कलाकार रोबिन दास को एक शादी समारोह में गीत प्रस्तुत करने के लिए आमंत्रित किया गया था। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद जब उन्होंने अपना पारिश्रमिक (पेमेंट) मांगा, तो दूल्हे पक्ष ने पैसे देने से इनकार कर दिया। इस पर विवाद बढ़ गया और दूल्हा टिंकू दास तथा उसके परिजनों ने मिलकर रोबिन दास की बेरहमी से पिटाई कर दी। घटना में कलाकार गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना से आक्रोशित कलाकारों ने एकजुट होकर न केवल दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की बल्कि पुलिस प्रशासन पर लापरवाही बरतने का आरोप भी लगाया। घायल कलाकार की पत्नी मीरा देवी भी मौके पर मौजूद थीं और उन्होंने प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई।
इस मामले में गोविंदपुर थाना में एफआईआर दर्ज कराई गई है। कलाकारों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे उग्र आंदोलन करेंगे।