गोविंदपुर में दर्दनाक सड़क हादसा — दो वर्षीय बच्ची की मौत, बाजार में छाया मातम
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!धनबाद के गोविंदपुर थाना क्षेत्र के गोविंदपुर बाजार में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो वर्षीय बच्ची कृषा साहा की मौत हो गई। हादसा जीटी रोड पर हुआ, जब तेज रफ्तार हुंडई क्रेटा (JH 01 FA 8567) ने उसे कुचल दिया।
मृत बच्ची गोविंदपुर बाजार के व्यवसायी कृष्णा साहा एवं भाजपा नेता बलराम प्रसाद साहा की पोती थी। बच्ची के पिता अंकित साहा, जो गोविंदपुर में साइबर कैफे संचालक हैं, सुबह उसे दूध लाने अपने साथ ले गए थे। लौटने के क्रम में विलेज रोड क्रॉसिंग के पास यह हादसा हुआ।
तेज रफ्तार क्रेटा कार के पिछले चक्के से बच्ची के सिर में गंभीर चोट लगी, जबकि पिता बाल-बाल बच गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल बच्ची को गोविंदपुर अस्पताल, फिर अशर्फी अस्पताल, और अंत में शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज (SNMMCH) ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमार्टम के बाद जब शव गोविंदपुर बाजार स्थित आवास लाया गया, तो पूरे इलाके में मातम छा गया। शोक में साह मार्केट व आसपास की दुकानें बंद कर दी गईं।
मृतक के दादा-दादी बेंगलुरु से लौटने के बाद रात में अंतिम संस्कार किया गया। कृषा साहा, अंकित साहा की पहली संतान थी। घटना से पूरे परिवार में गहरा शोक व्याप्त है, माता-पिता बार-बार बेहोश हो रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, हादसे में शामिल क्रेटा कार डीएवी पब्लिक स्कूल, कुसुंडा के प्राचार्य अजीत कुमार पांडेय की है। वह देवघर से अपने विद्यालय जा रहे थे, तभी गोविंदपुर में यह हादसा हुआ।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुँची, कार को जब्त कर लिया गया है और मृतक के पिता अंकित साहा के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जाँच में जुटी हुई है।