काली पूजा के दौरान फायरिंग करनेवाला पूर्व जिला परिषद सदस्य भेजा गया जेल, गांव में तनाव, पुलिस ने संभाली स्थिति

काली पूजा के दौरान फायरिंग करनेवाला पूर्व जिला परिषद सदस्य भेजा गया जेल, गांव में तनाव, पुलिस ने संभाली स्थिति

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

धनबाद: गोविंदपुर थाना क्षेत्र के खड़काबाद काली मंदिर में काली पूजा एवं मेला के दौरान सोमवार की रात उस समय अफरा-तफरी मच गई जब पूर्व जिला परिषद सदस्य अब्दुल मन्नान ने अपनी बंदूक से तीन राउंड फायरिंग कर दी। घटना के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया, हालांकि पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए अब्दुल मन्नान को गिरफ्तार कर मंगलवार को जेल भेज दिया।

सूत्रों के अनुसार, मेला के दौरान सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने की कोशिश की गई, लेकिन स्थानीय अमनपसंद लोगों की सूझबूझ से स्थिति को संभाल लिया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सोमवार शाम करीब 7:30 बजे अब्दुल मन्नान अपने बेटे अब्दुल नुमान, दो बॉडीगार्ड साजिद और अमन तथा साले मुशर्रफ हरवे के साथ बंदूक लेकर मंदिर पहुंचे। पूजा स्थल पर भीड़ अधिक थी।

स्थानीय लोगों — आशुतोष बनर्जी, सत्य शर्मा, विवेक कुंभकार, वृंदावन गोस्वामी आदि — ने उनसे आग्रह किया कि इतनी भीड़ में हथियार लेकर मंदिर आना ठीक नहीं है। लेकिन इसी दौरान अब्दुल मन्नान और उसके समर्थकों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और फिर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।

फायरिंग के बाद मेला स्थल पर भगदड़ मच गई। कुछ ही देर में मन्नान के 50–60 समर्थक मौके पर पहुंचे और लाठी-डंडा एवं पत्थरबाजी करने लगे। इस घटना में करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए और कई वाहनों में तोड़फोड़ की गई।

घटना के संबंध में खड़काबाद निवासी रीना शर्मा (पति रमेंद्रनाथ शर्मा) के आवेदन पर गोविंदपुर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।

रीना शर्मा ने अपने बयान में कहा है कि अब्दुल मन्नान और उसके समर्थकों ने “हिंदू-मुस्लिम में दरार पैदा कर दंगा भड़काने की कोशिश” की। उन्होंने चेतावनी दी कि विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई।

थाना प्रभारी विष्णु प्रसाद राउत और डीएसपी शंकर कामती ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने अब्दुल मन्नान की बंदूक जब्त कर ली है और यह जांच की जा रही है कि वह लाइसेंसी हथियार है या नहीं।

डीएसपी ने बताया कि अगर बंदूक लाइसेंसी है, तो उसके लाइसेंस रद्द करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

घटना के बाद मंगलवार को धनबाद के सांसद ढुलू महतो घटनास्थल पहुंचे। उन्होंने मंदिर में पूजा-अर्चना की और स्थिति की जानकारी ली। सांसद ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से बात कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

धनबाद सांसद ढुलू महतो ने कहा कि,

“गोविंदपुर क्षेत्र में बार-बार इस तरह की घटनाएं होना प्रशासन के लिए चिंता का विषय है। दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाना चाहिए।”

मौके पर भाजपा नेता बलदेव महतो, बलराम साव, मोहन कुंभकार, अमरदीप सिंह, तालेश्वर साव, विश्वनाथ पाल, अनिल दास, सबीता बनर्जी, सुभाष कुंभकार, और कई स्थानीय लोग मौजूद रहे।

घटना के बाद खड़काबाद गांव में पुलिस कैंप कर रही है। सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है ताकि माहौल सामान्य रह सके।

About Author

error: Content is protected !!