लोयाबाद में हाइवा-ऑटो की टक्कर में महिला की मौत, मुआवजे की मांग को लेकर थाने में हंगामा
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!धनबाद : लोयाबाद थाना क्षेत्र में शनिवार की शाम हुए सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई। घटना के बाद रविवार को परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर लोयाबाद थाना परिसर में हंगामा किया।
मिली जानकारी के अनुसार, इस्ट बसेरिया निवासी संगीता देवी (36 वर्ष) अपने पति द्वारिका बाउरी और बेटी के साथ सवारी ऑटो से केंदुआ बाजार दिवाली की खरीदारी करने जा रही थीं। इसी दौरान एकड़ा चालीस धौड़ा के पास हाइवा और ऑटो की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में संगीता देवी गंभीर रूप से घायल हुईं और धनबाद एसएनएमएमसीएच में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
रविवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया। इसके बाद परिजन शव के साथ थाना पहुंचे और राज्य सरकार से मुआवजे की मांग को लेकर प्रदर्शन करने लगे। थाने के मुख्य द्वार पर भीड़ जुटने से सड़क मार्ग बाधित हो गया और कुछ समय के लिए स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
हालांकि, कांग्रेस नेता और सामाजिक कार्यकर्ता रामरहीम के हस्तक्षेप से मामला शांत हुआ। सूत्रों के अनुसार, बातचीत के बाद निम्न सहमति बनी—
इंश्योरेंस कंपनी से मिलने वाले मुआवजे के अतिरिक्त
राज्य सरकार की ओर से ₹1 लाख का मुआवजा
हाइवा मालिक की ओर से ₹20 हजार रुपये का सहयोग
अंतिम संस्कार में रामरहीम की ओर से सहयोग का आश्वासन
इसके बाद परिजनों ने शव को थाना से हटाया और भीड़ धीरे-धीरे तितर-बितर हो गई।
घटना के समय ऑटो में मौजूद ऑटो चालक, द्वारिका बाउरी और उनकी पुत्री भी घायल हुए हैं, जिनका इलाज धनबाद एसएनएमएमसीएच में जारी है।
वार्ता और समाधान प्रक्रिया के दौरान राजकुमार महतो, असलम मंसूरी, थाना प्रभारी पीकु प्रसाद तथा एसआई रोहित कुमार मौजूद रहे।