बीसीसीएल कर्मी के साथ लूट और मोटरसाइकिल चोरी गिरोह का भंडाफोड़

खरखरी ओपी पुलिस को बड़ी सफलता

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

बीसीसीएल कर्मी के साथ लूट और मोटरसाइकिल चोरी गिरोह का भंडाफोड़ — चार युवक गिरफ्तार, तीन बाइक बरामद, मास्टरमाइंड फरार

धनबाद : खरखरी ओपी पुलिस ने मोटरसाइकिल लूट और चोरी के दो अलग-अलग मामलों का खुलासा करते हुए चार युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार सभी आरोपियों की उम्र 18 से 20 वर्ष के बीच बताई जा रही है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर तीन चोरी की मोटरसाइकिलें भी बरामद की हैं।

13 अक्टूबर की रात मधुबन परसबनिया निवासी बीसीसीएल कर्मी ओम प्रकाश यादव से नकाबपोश अपराधियों ने चाकू की नोक पर मोटरसाइकिल, मोबाइल और पर्स लूट लिया था। इस मामले में बांसजोड़ा बस्ती निवासी राहुल रवानी, मो. मुस्तफा और खरखरी बस्ती निवासी शेख शाकिम को गिरफ्तार किया गया है, जबकि घटना का मास्टरमाइंड विवेक कुमार राय (बांसजोड़ा बस्ती) अब भी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

दूसरे मामले में एंटी क्राइम वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने बांसजोड़ा बस्ती निवासी अजय कुमार रविदास को गिरफ्तार किया। पूछताछ में अजय ने बताया कि उसने अपने भतीजे टिंकू रविदास के साथ मिलकर कई मोटरसाइकिलें चोरी की हैं। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

खरखरी ओपी प्रभारी मंगल प्रसाद कुजूर ने बताया कि धनबाद एएसपी के निर्देश पर गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए लूट और चोरी में शामिल चार युवकों को गिरफ्तार किया है। बरामद तीन मोटरसाइकिलों में एक लूटी हुई और दो चोरी की बाइक शामिल हैं। चारों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, चोरी की मोटरसाइकिलों का उपयोग अवैध कोयला ढोने में किया जाता है, जिससे हाल के दिनों में बाइक चोरी के मामलों में लगातार इजाफा हुआ है।

रिपोर्ट – सुल्तान खान, बाघमारा

About Author

error: Content is protected !!