युवक की बहादुरी से बची लूट, अपराधी भागे

युवक की बहादुरी से बची लूट, अपराधी भागे

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

धनबाद जिले के टुंडी थाना क्षेत्र में दो अपराधियों ने पिस्तौल दिखाकर बाइक लूटने का प्रयास किया, लेकिन युवक की दिलेरी से उनकी योजना नाकाम हो गई। घटना में युवक घायल हो गया, मगर उसने हिम्मत नहीं हारी और अपराधियों को बाइक लेकर भागने नहीं दिया।

जानकारी के अनुसार, टुंडी सालपहाड़ गांव निवासी रमेश राय शनिवार शाम टुंडी से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान बसहा जंगल के पास दो युवकों ने हाथ देकर बाइक रोकने का इशारा किया। रमेश ने सोचा कि शायद कोई सवारी चढ़ना चाहता है, लेकिन जैसे ही उन्होंने बाइक रोकी, दोनों ने पिस्तौल दिखाकर बाइक लूटने की कोशिश की।

रमेश राय ने हिम्मत दिखाते हुए अपराधियों का विरोध किया। इस दौरान अपराधियों ने पिस्तौल की बट से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। इसके बावजूद रमेश राय ने हार नहीं मानी — उन्होंने झड़प के बीच बाइक की चाबी खींचकर जंगल में फेंक दी। अपराधियों ने चाबी खोजने की कोशिश की, लेकिन नाकाम रहे और बाइक छोड़कर फरार हो गए।

घायल युवक की मदद के लिए मौके से गुजर रहे समाजसेवी बाबा मनीर मस्तान पहुंचे और उन्हें टुंडी थाना ले गए। बाद में रमेश राय को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहाँ उनका इलाज चल रहा है।

थानेदार उमाशंकर ने बताया कि मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है, पुलिस घटना की जांच में जुटी है।

About Author

error: Content is protected !!