धनबाद में दीपावली से पहले मिलावटी मिठाइयों का भंडाफोड़, बसंत मिष्ठान भंडार और राजा नमकीन की मिठाइयां हुई नष्ट
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
धनबाद में दीपावली और छठ पर्व से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटी मिठाइयों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। शुक्रवार को विभाग की टीम ने बेकारबांध स्थित बसंत मिष्ठान भंडार और राजा नमकीन की दुकानों पर छापेमारी की। जांच के दौरान मिठाइयों में चंपक रंग का इस्तेमाल पाया गया, जो स्वास्थ्य के लिए अत्यंत हानिकारक बताया गया है।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने त्योहारों के मद्देनजर मिठाइयों की गुणवत्ता जांचने के लिए विशेष अभियान चलाया है। जांच के दौरान पाया गया कि दुकानों में बिक रहे लड्डू में चंपक रंग का प्रयोग किया गया था। फूड सेफ्टी इंस्पेक्टर डॉ. राजा कुमार ने बताया कि यह रंग कैंसर कारक रासायनिक पदार्थ है और इसका सेवन स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकता है।
टीम ने मौके पर ही सभी मिलावटी मिठाइयों को नष्ट कर दिया और दुकानदारों को सख्त चेतावनी जारी की। उन्होंने कहा कि अगली बार अगर इस तरह की गड़बड़ी पाई गई तो दुकानदारों के खिलाफ जुर्माना और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
त्योहारों के दौरान लोगों के स्वास्थ्य की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पूरे जिले में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। मिलावट करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।”
— डॉ. राजा कुमार, फूड सेफ्टी इंस्पेक्टर, धनबाद