खोदा पहाड़, निकली चुहिया! बोकारो की लापता मुखिया सपना कुमारी रांची से मिलीं, पारिवारिक तनाव बताया कारण

खोदा पहाड़, निकली चुहिया! बोकारो की लापता मुखिया सपना कुमारी रांची से मिलीं, पारिवारिक तनाव बताया कारण

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

बोकारो जिले में बीते दिनों लापता मुखिया प्रकरण को लेकर जो हंगामा मचा, वह पूरे झारखंड की सबसे बड़ी खबर बन गई थी। 02 से 05 अक्टूबर तक पुलिस और प्रशासन के लिए यह मामला सिरदर्द बना रहा। यहां तक कि बोकारो एसपी ने मुखिया की खोज में विशेष जांच दल (SIT) का गठन कर दिया था।

लेकिन जब मामला खुला, तो सबके होंठों पर वही कहावत आ गई — “खोदा पहाड़, निकली चुहिया।”

दरअसल, गोमिया प्रखंड के पलिहारी गुरुडीह पंचायत की मुखिया सपना कुमारी, जो 02 अक्टूबर से लापता थीं, उन्हें बोकारो पुलिस ने 05 अक्टूबर को रांची के रातू थाना क्षेत्र से बरामद किया।

कोर्ट में सपना ने बताया — “पारिवारिक तनाव में गई थी रांची”

25 वर्षीय सपना कुमारी, जो एक बच्चे की मां हैं, ने कोर्ट में बयान दिया कि वे पारिवारिक तनाव के कारण कुछ दिनों के लिए रांची अपने एक दोस्त के पास चली गई थीं।
डीएसपी (बेरमो) वी.एन. सिंह ने बताया कि पुलिस को भी सपना ने यही बयान दिया है और उन्होंने न तो अपने परिवार पर और न ही किसी अन्य व्यक्ति पर कोई आरोप लगाया है।

SIT की सक्रियता से हल हुआ मामला

सपना के अचानक गायब होने से पूरा इलाका सकते में था। उनके पति आशीष ने पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। इस बीच सपना की खबरें और रील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं, जिससे मामला और चर्चित हो गया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसपी हरविंदर सिंह ने तत्काल SIT का गठन किया। पुलिस की सक्रियता के बाद ही सपना को रांची में खोज निकाला गया।

अब भी बाकी हैं कुछ सवाल

सपना कुमारी अब अपने ससुराल में हैं, लेकिन लोगों के मन में एक सवाल अब भी बाकी है —

जब राज्यभर में हंगामा मचा था और पुलिस लगातार खोज में लगी थी, तो सपना ने एक बार भी फोन कर अपने परिवार, पुलिस या पंचायत सचिव को सूचना क्यों नहीं दी?

जानकारी के अनुसार, सपना कुमारी हजारीबाग जिले के केरेडारी प्रखंड क्षेत्र के कंडाबेर पंचायत की मूल निवासी हैं। उनके पिता भी वहीं के मुखिया हैं।

About Author

error: Content is protected !!