पुटकी सीओ की पहल से एकड़ा नदी की मरम्मती शुरू, ब्लास्टिंग से फटी थी नदी की जमीन

 

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

पुटकी सीओ की पहल से एकड़ा नदी की मरम्मती शुरू, ब्लास्टिंग से फटी थी नदी की जमीन

धनबाद (Prime News 24):
पुटकी प्रखंड अंतर्गत एकड़ा नदी की मरम्मती का कार्य सीओ विकास आनंद की पहल पर युद्धस्तर पर शुरू हो गया है। पिछले सप्ताह हुई हैवी ब्लास्टिंग ने नदी में बड़ी समस्या खड़ी कर दी थी। ब्लास्टिंग के कारण नदी के तल में करीब 200 मीटर तक गहरी दरारें बन गई थीं, जिससे नदी का सारा पानी फटी हुई जमीन के भीतर समा जाने लगा था।

इस घटना से आसपास के गांवों में गंभीर जल संकट की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। Prime News 24 द्वारा समाचार प्रकाशित किए जाने के बाद पुटकी सीओ विकास आनंद ने तत्काल बीसीसीएल पीवी एरिया के महाप्रबंधक के नेतृत्व में एक आपात बैठक बुलाई।

बैठक में निर्णय लिया गया कि नदी में पानी के रिसाव को रोकने के लिए मरम्मती कार्य तुरंत शुरू किया जाएगा। इसके बाद ईगल आउटसोर्सिंग कंपनी की ओर से दो दिन पूर्व से नदी में कंक्रीट ढलाई का काम आरंभ कर दिया गया है।

ईगल कंपनी के महाप्रबंधक राकेश सिंह ने बताया कि नदी का पानी माइंस में प्रवेश कर जाने से भागाबांध माइंस के सिम नंबर 16 और 17 पूरी तरह जलमग्न हो गए हैं। इस समय 24,000 जीपीएम क्षमता वाले पंपों से डीवाटरिंग का कार्य जारी है।

हालांकि, समीपवर्ती माइंस में जारी लगातार ब्लास्टिंग से नदी में फिर से दरारें बन रही हैं, जिससे स्थिति चुनौतीपूर्ण बनी हुई है।
उन्होंने बताया कि इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए बीसीसीएल प्रबंधन के साथ बातचीत की गई है। योजना के तहत नदी में करीब 500 मीटर लंबाई तक चार लेयर में पाइप डाले जाएंगे, जिससे पानी सीधे पाइप के जरिये बहे और माइंस में प्रवेश न करे।

स्थानीय लोगों की सुविधा के लिए एक बड़ी पानी की टंकी भी तैयार की जाएगी, ताकि ग्रामीणों को दैनिक उपयोग के लिए स्वच्छ पानी उपलब्ध हो सके। इस पूरे कार्य पर 4 से 5 करोड़ रुपये की लागत आएगी और इसे 10 से 15 दिनों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

About Author

error: Content is protected !!