धनबाद में आदिवासी क्रोध: एसटी सूची में शामिल होने के प्रयास पर कुरमी-कुड़मी को मिलेगा कड़ा जवाब
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!धनबाद: धनबाद जिला के दमदारपुर जाहेर थाना में 21 सितंबर रविवार को आदिवासी समन्वय समिति और सोनोत संथाल समाज केंद्रीय कमेटी की ओर से एक दिवसीय बैठक आयोजित की गई। जिले के विभिन्न आदिवासी संगठनों ने इसमें हिस्सा लिया।
बैठक में मुख्य रूप से कुरमी और कुड़ती समाज द्वारा ओबीसी सूची छोड़कर एसटी सूची में शामिल होने के प्रयास और सरकार पर दबाव बनाने जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। आदिवासी समाज के बुद्धिजीवियों ने इसे आदिवासी हितों पर चोट बताया और कड़ा विरोध जताया।
सभा की अध्यक्षता अनिल टुडू ने की, जबकि संचालन अलसा सोरेन ने किया। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि आगामी दिनों में धनबाद में विशाल आक्रोश रैली आयोजित की जाएगी और आदिवासी अधिकारों के खिलाफ किसी भी प्रयास का जोरदार विरोध किया जाएगा।
बैठक में उपस्थित सभी नेताओं ने “आदिवासी एकता ज़िंदाबाद” और “सिद्धू कन्हू, विरसा मुंडा अमर रहें” के नारे लगाकर अपनी एकता दिखाई। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कुरमी/कुड़मी समाज आदिवासी अधिकारों को छीनेगा, तो उसे कड़ा जवाब दिया जाएगा।
अध्यक्ष अनिल टुडू ने सभी आदिवासी समाज से एकजुट होने का आह्वान किया और कहा कि 20 सितंबर को हुए धरना प्रदर्शन और आक्रोश रैली केवल प्रारंभिक कदम थे, अब पूरी तस्वीर सामने आने वाली है।
आदिवासी समाज ने स्पष्ट किया कि धनबाद में होने वाली आक्रोश रैली में हर संगठन और समुदाय की भागीदारी सुनिश्चित होगी और हक-अधिकारों की रक्षा के लिए संगठित विरोध किया जाएगा।