झरिया : मोनेट वाशरी पर मृतक जादू महतो के परिजनों का हंगामा
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
झरिया के पाथरडीह स्थित मिवान स्टील लिमिटेड (मोनेट) वाशरी गेट पर मंगलवार को हंगामा मच गया। मृतक रैयत शिव शंकर उर्फ जादू महतो के परिजनों ने शव रखकर जमकर विरोध प्रदर्शन किया।

दरअसल, मृतक की 5 एकड़ 71 डिसमिल जमीन का एग्रीमेंट साल 2012 में धनबाद उपायुक्त और टूंडी विधायक मथुरा महतो की मौजूदगी में मोनेट कंपनी के साथ हुआ था। लेकिन समझौते के बावजूद जादू महतो को लंबे समय से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
इसी दबाव और तनाव से तंग आकर बीते 28 अगस्त को उन्होंने पेट्रोल डालकर खुद को आग लगा ली। उन्हें गंभीर हालत में बोकारो के बीजीएच अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
मरने से पहले अपने अंतिम बयान में जादू महतो ने मोनेट के HR संजय कुमार, बीसीसीएल के PO विपिन कुमार और स्थानीय नेता सबुर गोराई को अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया।
इस घटना पर राजनीति भी गरमा गई है। पूर्व लोकसभा प्रत्याशी मोहम्मद एकलाख अंसारी और JLKM के केंद्रीय उपाध्यक्ष आशीष कुमार महतो ने गहरा दुख जताते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।