Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
रांची/झारखंड:
झारखंड सरकार ने राज्य पुलिस विभाग को अत्याधुनिक और तेज वाहन मुहैया कराने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार ने झारखंड पुलिस के लिए 2952 नए वाहनों की खरीद को मंजूरी दे दी है। इससे पुलिस विभाग की गश्ती व्यवस्था और अपराध नियंत्रण की क्षमता में उल्लेखनीय सुधार की उम्मीद है।
1255 SUV और 1697 हाई स्पीड बाइक की खरीद
झारखंड पुलिस को आधुनिक बनाने की दिशा में अब 1255 एसयूवी और 1697 हाई स्पीड बाइक खरीदी जाएंगी। यह नए वाहन पुलिस को अपराधियों का पीछा करने और आपातकालीन परिस्थितियों में समय रहते घटनास्थल पर पहुंचने में मदद करेंगे। खास तौर पर नक्सल प्रभावित इलाकों में इनकी जरूरत अधिक है। नए वाहनों का लाभ राज्य के 606 थानों को मिलेगा, जिनमें 282 थाने नक्सल क्षेत्र में स्थित हैं।
पुराने और अनफिट वाहनों की होगी नीलामी
राज्य सरकार ने पुराने और खराब हो चुके 2212 वाहनों की नीलामी को भी मंजूरी दी है। इनमें 1004 चार पहिया और 1102 दोपहिया वाहन शामिल हैं। ये वाहन वर्तमान में थानों में मौजूद हैं, लेकिन अब अपनी उपयोगिता खो चुके हैं। उनकी जगह नई गाड़ियाँ पुलिस बेड़े में शामिल की जाएंगी।
मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हुआ निर्णय
वाहनों की खरीद और नीलामी का यह निर्णय राज्य के मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय बैठक में लिया गया। पुलिस मुख्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, गाड़ियों की खरीद के लिए आवश्यक फंड भी जारी कर दिया गया है। जल्द ही जिलेवार स्तर पर वितरण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
पुलिस विभाग को मिलेगी बड़ी राहत
झारखंड पुलिस वर्षों से पुराने और खटारा वाहनों से काम चला रही थी। नए वाहनों की उपलब्धता से अब पुलिस की कार्यक्षमता बढ़ेगी, गश्त की गति तेज होगी और आम नागरिकों को सुरक्षा का बेहतर अहसास मिलेगा।
—
ब्यूरो रिपोर्ट | झारखंड