Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
धनबाद: धनबाद जिले के झरिया स्थित फर्जी कंपनी ‘सोना एंड एसोसिएट्स’ का जीएसटी रजिस्ट्रेशन सोमवार को रद्द कर दिया गया. जांच में सामने आया है कि इस कंपनी ने डेढ़ साल के भीतर 7.51 करोड़ रुपए की जीएसटी चोरी की है. अन्वेषण ब्यूरो को मिले दस्तावेजों के अनुसार, कंपनी ने पश्चिम बंगाल की 7 अलग-अलग कंपनियों को अवैध रूप से कोयले की आपूर्ति की थी. शुक्रवार को झरिया में हुई छापेमारी के बाद कार्रवाई की प्रक्रिया तेज कर दी गयी है. पश्चिम बंगाल के संबंधित कर विभागों को भी सूचना भेज दी गयी है, ताकि टैक्स वसूली की प्रक्रिया आगे बढ़ायी जा सके.
फर्जी कंपनियों की कड़ी से जुड़ा मामला
जांच में यह भी सामने आया है कि ‘सोना एंड एसोसिएट्स’ ने बिहार की कंपनी ‘धनवंती इंटरप्राइजेज’ से 7.51 करोड़ रुपए की कोयला खरीदी थी. जांच में धनवंती इंटरप्राइजेज फर्जी कंपनी मिली. इसी कड़ी में पहले ‘संतलाल एंड एसोसिएट्स’ की जांच की गयी थी. अब यह कंपनी भी वित्तीय धोखाधड़ी में संलिप्त पायी गयी है.
इनवॉइस के जरिये जीएसटी चोरी से जुड़ा है मामला
प्राथमिक जांच के अनुसार, ‘सोना एंड एसोसिएट्स’ ने जिन कंपनियों को कोयला बेची, उनके खिलाफ नोटिस जारी कर टैक्स वसूली की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है. राज्य कर के अनुसार, यह पूरा मामला इनवॉइस के जरिये कोयले के कालाबाजारी और जीएसटी चोरी से जुड़ा हुआ है. जांच आगे भी जारी है और अन्य कंपनियों की संलिप्तता की संभावना से इंकार नहीं किया गया है.
इन कंपनियों को भेजा गया नोटिस
न्यू मां दुर्गा इंटरप्राइजेज
महावीर कोक एंड ब्रिकेट
मंडल ब्रदर्स एंड कंपनी
जॉय बाबा इंटरप्राइजेज
मोनू उद्योग
श्याम सुंदर ब्रिकेट एंड सॉफ्ट कोक
दुर्गा कोक