प्रमंडलीय आयुक्त ने किया गोविंदपुर व धनबाद अंचल कार्यालय का निरीक्षण
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!लोगों से की बीचौलियों से दूर रहने की अपील
धनबाद : आयुक्त, उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल, हजारीबाग श्री पवन कुमार ने सोमवार को गोविंदपुर एवं धनबाद अंचल कार्यालय का निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने दोनों अंचल कार्यालय में सेवा पुस्तिका, कैश बुक, म्यूटेशन के मामले, विभिन्न पंजी का संधारण सहित अन्य का निरीक्षण किया।
दोनों अंचल कार्यालयों का निरीक्षण करने के बाद आयुक्त ने बताया कि सोमवार को सर्वर डाउन होने के कारण कई बिंदुओं का निरीक्षण नहीं कर सके।
साथ ही कहा कि उन्होंने अंचल अधिकारियों को नियत समय पर कार्यालय में उपस्थित रहने, दाखिल खारिज सहित अन्य मामलों का समय पर निष्पादन करने, त्रुटि रहित काम करने का निर्देश दिया है।
वहीं लोगों से अपील करते हुए कहा कि वे बीचौलियों से दूर रहें। व्यक्तिगत रूप से अंचल कार्यालय जाएं और अंचल अधिकारी से मिलकर अपना काम कराएं। आयुक्त ने कहा कि बीचौलियों को रोकने के लिए लोगों को जागरूक होना होगा और सहयोग करना होगा।
गोविंदपुर और धनबाद अंचल कार्यालय के निरीक्षण के दौरान आयुक्त के साथ अपर समाहर्ता श्री विनोद कुमार मौजूद थे। जबकि गोविंदपुर अंचल कार्यालय में सीओ गोविंदपुर श्री धर्मेन्द्र कुमार दुबे तथा धनबाद अंचल कार्यालय में सीओ धनबाद श्री शशिकांत सिंकर मौजूद थे।