झारखंड रामगढ़ :बीमार मां को घर में बंद कर एक पुत्र अपनी पत्नी के साथ प्रयागराज कुंभ स्नान कर पुण्य कमाने चला गया. वृद्ध मां तीन दिन तक चूड़ा-पानी पर रही. भूख से तड़पते और चिल्लाने की आवाज सुनकर पड़ोसियों ने जब घर का ताला तोड़ा तो वहां का नजारा देख हैरान हो गए.
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!वृद्धा भूख के कारण प्लास्टिक खाने की प्रयास कर रही थी. पड़ोसियों ने तत्काल वृद्ध महिला को भोजन करवाया.
मानवता को शर्मसार कर देने वाला यह मामला झारखंड के रामगढ़ जिले से सामने आया है. जिले के अरगड्डा सरका में रहने वाला एक सीसीएल कर्मचारी सोमवार को अपनी 65 वर्षीय मां को घर में ताला बंद कर पत्नी और बच्चों के साथ प्रयागराज कुंभ स्नान करने चला गया. बुधवार को उसकी मां भूख से तड़पते हुए मदद की गुहार लगाने लगी. आवाज सुनकर पड़ोसियों ने घर का ताला खोला और अंदर घुसे तो स्थिति को देखते हुए सिरका कहुआ बेड़ा में रहनेवाली उनकी शादीशुदा बेटी को सूचना दी.
बेटी और वृद्ध महिला के भाई मौके पर पहुंचे और इसकी सूचना रामगढ़ पुलिस को दी गई. पुलिस घटनास्थल पर आई और आसपास के लोगों की मदद से वृद्ध महिला को घर से निकालकर इलाज के लिए रामगढ़ सदर अस्पताल ले जाया गया.
इस मामले में बेटे से टेलीफोनिक बात की गई तो उसने बताया कि हम लोग (पत्नी-बच्चे) सोमवार को रात 11 बजे निकले थे और मां को खाना देकर गए थे. घर में खाने के लिए चूड़ा वगैरह सब सामान था और मां ने ही हम लोगों को कुंभ जाने के लिए कहा था. मां की तबीयत ठीक नहीं थी. इसकी वजह से उन्हें साथ नहीं ले जा पाए.
शिकायत मिलने पर एक्शन होगा : पुलिस
वहीं, इस मामले में रामगढ़ थाना के इंस्पेक्टर कृष्ण कुमार ने कहा कि सूचना मिली थी कि वृद्ध महिला को घर में बंद कर बेटे पत्नी बच्चे सभी प्रयागराज कुंभ गए हुए हैं. शादीशुदा बेटी को बुलाकर घर का मेन गेट का ताला तोड़कर महिला को निकाला गया है और इलाज के लिए रामगढ़ सदर अस्पताल भेज दिया गया है. अगर इस मामले में शिकायत की आवेदन आता है तो इस पर कार्रवाई की जाएगी.
कानूनन अपराध की श्रेणी में आता है ये कृत्य
वहीं, कानून के जानकार बताते हैं कि इस तरह से किसी को घर में बंद कर देना कानूनन अपराध की श्रेणी में आता है. फिलहाल वृंद्धा का इलाज सदर अस्पताल में चल रह है.
इनका कहना
रामगढ़ के एसपी अजय कुमार का बयान है कि ये कृत्य बिल्कुल अमानवीय है. शिकायत मिलने पर करवाई की जाएगी.
बेटी बोली, अब मां को अपने पास रखूंगी
वृद्धा की बेटी और वृद्धा के भाई ने ही पुलिस को इनफॉर्म करवाया था और ताला तोड़कर वृद्धा का रेस्क्यू किया था. अब बेटी ने वृद्ध मां को अपने पास यानी अपने ससुराल में साथ रखने की इच्छा जताई है.
बेटी ने ये भी कहा कि मां को उनका भाई कुंभ जाते वक्त उसके पास छोड़कर जा सकता था. अब वो मां को अपने पास ले जाना चाहती है.