बिहार के 4 जिलों में NIA की रेड में क्या-क्या मिला? जाली नोटों का खोजा जा रहा आतंकी कनेक्शन

बिहार: बिहार में एनआइए की छापेमारी से हड़कंप मचा हुआ है. बुधवार को पटना,पूर्वी चंपारण, भागलपुर और भोजपुर जिले में जांच एजेंसी एनआइए ने छापेमारी की. जाली नोट और उसके पाकिस्तान कनेक्शन के मामले में मोतिहारी स्थित नेपाल बॉर्डर से कुछ महीने पहले गिरफ्तार किए गए आरोपितों के ठिकानों को खंगाला गया. जाली नोट के आतंकी कनेक्शन की खोज में राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसी(NIA) की टीम सुबह से छापेमारी में जुटी और घंटों तक इन जिलों में जमी रही. कार्रवाई संपन्न करके कई चीजों को बरामद करके एनआइए की टीम वापस लौटी.

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

भोजपुर में दो जगहों पर एनआइए रेड

भोजपुर जिले में सहार के कोरनडिहरी और चौरी थाना क्षेत्र के छतरपुरा गांव में छापेमारी की गयी. कोरनडिहरी के रहने वाले आरोपित वारिस के पिता और दो रिश्तेदारों को पूछताछ के लिए तलब किया गया. सहार थाना क्षेत्र के कोरनडिहरी निवासी शिक्षक अख्तर हुसैन और छतरपुरा में उनके रिश्तेदार टोला सेवक जमाल अंसारी के घर की तलाशी घंटों तक चली. शिक्षक अख्तर हुसैन के साले जमील अंसारी और उनके बेटे नेहाल से भी पूछताछ हुई. जमील अंसारी के घर से एक मोबाइल और दोनों के घरों से बैंक के कागजात जब्त हुए.

टीचर का बेटा है वारिस

बता दें कि जाली नोटों के साथ कुछ महीने पहले गिरफ्तार हुआ मो. वारिस शिक्षक अख्तर हुसैन का बेटा है और बेऊर जेल में अभी बंद है. वह सीतामढ़ी के पुपुरा में एक पॉलटेक्निक कॉलेज में इंजीनियरिंग का छात्र था. सितंबर 2024 में उसे भारी मात्रा में जाली नोटों के साथ गिरफ्तार किया गया था.

भागलपुर में एनआइए की छापेमारी

इधर, भागलपुर में भी बुधवार की सुबह एनआइए की एक टीम ने इसी मामले में छापेमारी की. जाली नोटों के साथ पकड़ाने के बाद जेल भेजे गए भागलपुर के निवासी नजरे सद्दाम के घर को एनआइए ने खंगाला. भागलपुर के इशाकचक इलाके में नजरे सद्दाम का घर है. घर की तलाशी के दौरान लाखों रुपए बरामद हुए हैं. जबकि कई दस्तावेज और छह मोबाइल समेत कई इलेक्ट्रानिक दस्तावेज भी बरामद हुए हैं. एनआइए के सूत्रों की मानें तो शुरुआती जांच में बरामद नोट भी जाली लग रहे हैं हालांकि एनआइए की ओर से इस तरह की आधिकारिक पुष्टि अबतक नहीं की गयी है.

बिहार के 4 जिलों सहित 3 राज्यों में हुई छापेमारी

भागलपुर और भोजपुर के अलावे पटना और मोतिहारी में भी छापेमारी की जानकारी एनआइए की ओर से दी गयी है. मोतिहारी में संग्रामपुर थाना क्षेत्र के मुरली गांव में रेड की सूचना मिली है. एनआइए के द्वारा दी गयी जानकारी के अनुसार, जाली नोट के कनेक्शन मामले में बुधवार को बिहार के अलावा जम्मू कश्मीर और तेलंगाना में भी कार्रवाई की गयी है.

क्या है जाली नोट का मामला

बता दें कि मोतिहारी में पुलिस ने बीते साल 5 सितंबर 2024 को दो लाख के करीब जाली नोट के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया था. पूछताछ के दौरान जाली नोट का पाकिस्तान कनेक्शन सामने आया था. जाली नोट के साथ भागलपुर के नजरे सद्दाम, भोजपुर के मो. वारिस और पटना के मो. जाकिर हुसैन को गिरफ्तार किया गया था.

About Author

error: Content is protected !!