NewDelhi : न्यायमूर्ति संजीव खन्ना ने आज सोमवार 11 नवंबर को भारत के 51वें चीफ जस्टिस के रूप में शपथ ली. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सुबह राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में जस्टिस खन्ना को पद की शपथ दिलाई. जान लें कि न्यायमूर्ति खन्ना न्यायमूर्ति डीवाई चंद्रचूड़ का स्थान लेंगे. वे रविवार को सेवानिवृत्त हुए हैं. नये सीजेआई का कार्यकाल 13 मई, 2025 तक रहेगा. जस्टिस संजीव खन्ना चुनावी बॉन्ड योजना खत्म करने और अनुच्छेद 370 को निरस्त करने जैसे सुप्रीम कोर्ट के कई ऐतिहासिक फैसलों में शामिल रहे हैं.
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!आठ नवंबर न्यायमूर्ति चंद्रचूड़ का सीजेआई के रूप में अंतिम कार्य दिवस रहा
न्यायमूर्ति संजीव खन्ना जनवरी 2019 से सुप्रीम कोर्ट के जज के रूप में कार्यरत हैं. पीटीआई के अनुसार केंद्र की मोदी सरकार ने 16 अक्टूबर को सीजेआई चंद्रचूड़ की सिफारिश पर मुहर लगाते हुए 24 अक्टूबर को न्यायमूर्ति खन्ना की नियुक्ति के संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी थी. शुक्रवार,आठ नवंबर न्यायमूर्ति चंद्रचूड़ का सीजेआई के रूप में अंतिम कार्य दिवस रहा, उन्हें सुप्रीम कोर्ट सहित उच्च न्यायालयों के न्यायाधीशों, वकीलों और कर्मचारियों ने शानदार विदाई दी.
पूर्व न्यायाधीश एचआर खन्ना के भतीजे हैं जस्टिस संजीव खन्ना : बता दें कि न्यायमूर्ति खन्ना दिल्ली हाईकोर्ट के पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति देव राज खन्ना के पुत्र और सुप्रीम कोर्ट के प्रमुख पूर्व न्यायाधीश एच आर खन्ना के भतीजे हैं.