एनडीआरएफ की टीम तैनात, डीसी-एसपी ने व्यवस्थाओं की ली जानकारी
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
पश्चिमी सिंहभूम जिला दंडाधिकारी -सह- उपायुक्त कुलदीप चौधरी एवं पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर ने संयुक्त रुप से टाटा कॉलेज मैदान में दाना चक्रवात के मद्देनजर जिले में प्रतिनियुक्त एनडीआरएफ टीम को ब्रीफिंग की. इस दौरान पदाधिकारियों ने एनडीआरएफ टीम के पास उपलब्ध संसाधनों सहित अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली. टीम लीडर ने बताया कि उनके पास बोट, साइक्लोन कटिंग इक्विपमेंट, फर्स्ट एड, चिकित्सक, गोताखोर व अन्य सभी आवश्यक व्यवस्था संधारित है. डीसी और एसपी ने एनडीआरएफ टीम को जिले की भौतिक स्थिति से भी अवगत कराया गया. साथ ही बताया गया कि गुरुवार की शाम से जिले में चक्रवात का प्रभाव संभावित है.
इसमें बारिश तथा तेज/मध्यम रफ्तार से हवा चलने की संभावना भी व्यक्त की गई है. इस निमित्त जिले में प्रतिनियुक्त दोनों दल अलर्ट मोड में रहेंगे. यहां बताते चलें कि एनडीआरफ के एक दल में 30 सदस्य हैं. ब्रीफिंग के उपरांत डीसी ने जिला वासियों से अपील की कि चक्रवात की संभावना को देखते हुए नदी/जलाशय/तराई आदि क्षेत्र से दूर रहे. चक्रवात के प्रभाव वाले समय में बेवजह घरों से बाहर न निकलें. ब्रीफिंग के क्रम में उप विकास आयुक्त संदीप कुमार मीणा, अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान) पारस राणा, सहायक समाहर्ता अर्नव मिश्रा, गोपनीय प्रभारी कुमार हर्ष सहित अन्य उपस्थित थे.