गढ़वा में मूर्ति विसर्जन को लेकर बवाल, पत्थरबाजी में एएसपी चोटिल

पुलिस के निर्धारित मार्ग से जुलूस ले जाने से विशेष समुदाय ने जताई आपत्ति

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

गढ़वा:  झारखंड के गढ़वा जिले में मां दुर्गा की प्रतिमा के विसर्जन को लेकर बवाल मच गया। इस दौरान पुलिस और लोगों के बीच झड़प हुई। हालात काबू करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया। आंसू गैस के गोले छोड़े। लोगों ने भी पत्थरबाजी की, जिसमें एएसपी घायल हो गए।

गढ़वा जिले के भंडरिया प्रखंड के मदगड़ी गांव में दुर्गा पूजा के बाद मूर्ति विसर्जन को लेकर माहौल तनावपूर्ण हो गया है। पुलिस प्रशासन की ओर से विवादित रास्ते पर लगाई गई बैरिकेडिंग को तोड़ने के प्रयास के बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया।

लाठीचार्ज की घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने पुलिस पर पत्थरबाजी शुरू कर दी। आक्रोशित लोगों ने पत्थरबाजी करते हुए पुलिस को एक किमी तक खदेड़ दिया। इस पूरे घटना में एएसपी राहुल देव बड़ाईक गंभीर रूप से चोटिल हो गये। उनके सिर में गंभीर रूप से चोट लगी है।

माहौल तनावपूर्ण होता देख पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े। इस घटना में एक युवक को गंभीर चोट लगी है। कई महिलाएं चोटिल हुई है। इस पूरे घटना में आक्रोशित लोगों ने पुलिस वैन व थाना प्रभारी के एक बोलेरो वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया। उसे खेत में पलट दिया। इस घटना के बाद पुलिस बल मंगाया गया।

पूरे घटना पर रंका एसडीओ रुद्र प्रताप, एसडीपीओ रोहित रंजन सिंह, रमकंडा थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह कुंतीया नजर बनाए हुए हैं। अतिरिक्त बल मंगाया जा रहा है।

आपको बता दें कि पूजा समिति के लाइसेंस में जिस सड़क मार्ग से विसर्जन किये जाने का उल्लेख है, उस रास्ते पर एक विशेष समुदाय की ओर से आपत्ति दर्ज की गई। इसके बाद पुलिस ने इस विवादित सड़क पर निषेधाज्ञा लगाया था। हालांकि समिति के लोग लाइसेंस में वर्णित मार्ग से ही विसर्जन किये जाने को लेकर अड़े हुए हैं।

About Author

error: Content is protected !!