हलीम शेख हत्याकांड का खुलासा, बेटे ने ही रची थी हत्या की साजिश

#महुदा : 12 घंटे में हलीम शेख हत्याकांड का खुलासा, बेटे ने ही रची थी हत्या की साजिश

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

महुदा (धनबाद): महुदा थाना क्षेत्र के भुरंगिया निवासी बुजुर्ग हलीम शेख हत्याकांड का धनबाद पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई है कि हत्या की साजिश मृतक के अपने ही बेटे ने रची थी।
बाघमारा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) अजीत कुमार विमल ने महुदा थाना में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या में शामिल एक आरोपी शेख शाहबाज को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी तारगा पंचायत के माथाटांड़ का रहने वाला है।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है। वहीं, इस हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।
जांच में खुलासा हुआ है कि हलीम शेख के दूसरे बेटे शेख इश्तेहार ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर हत्या की पूरी साजिश रची थी। प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे पारिवारिक जमीन और संपत्ति विवाद को मुख्य कारण माना जा रहा है।
गौरतलब है कि हलीम शेख की हत्या की घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। हालांकि धनबाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए मात्र 12 घंटे के भीतर मामले का उद्भेदन कर आरोपियों तक पहुंचने में सफलता हासिल की।
पिता-पुत्र के रिश्ते को शर्मसार करने वाली इस घटना को लेकर क्षेत्र में लोगों के बीच चर्चा का माहौल बना हुआ है।

रिपोर्ट: सुल्तान खान, बाघमारा

About Author

error: Content is protected !!