गोविंदपुर में असम की युवती से दुष्कर्म का प्रयास, आरोपी गिरफ्तार

धनबाद: धनबाद जिले के गोविंदपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत भुइफोड़ स्थित आपणो घर परिसर में असम की एक युवती के साथ दुष्कर्म का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। युवती के शोर मचाने पर स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी युवक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
जानकारी के अनुसार युवती असम से अपनी सहेलियों के साथ घूमने आई थी। इसी दौरान धनबाद रेलवे स्टेशन पर उसकी ट्रेन छूट गई। आरोप है कि इसका फायदा उठाते हुए राजू कुमार साव नामक युवक उसे बहला-फुसलाकर भुइफोड़ स्थित आपणो घर परिसर ले गया।
बताया जा रहा है कि परिसर में मौजूद एक खाली फ्लैट में ले जाकर आरोपी ने युवती के साथ अश्लील हरकत करने और दुष्कर्म का प्रयास किया। युवती किसी तरह वहां से निकलकर शोर मचाने लगी। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़ लिया।
सूचना मिलने पर गोविंदपुर थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर थाना ले गई। पुलिस के अनुसार आरोपी राजू कुमार साव धनबाद के बरमसिया क्षेत्र का निवासी है।
जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि उक्त परिसर में कई फ्लैट किराए पर दिए जाते हैं। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपी को फ्लैट तक पहुंचने की अनुमति किसने दी थी। इस संबंध में फ्लैट मालिक और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ की गई है।
डीएसपी ने बताया कि पीड़िता फिलहाल मानसिक और शारीरिक रूप से काफी परेशान है, जिसके कारण उसका बयान अभी दर्ज नहीं किया जा सका है। युवती का मोबाइल फोन भी खो गया है, जिससे उसके परिजनों से संपर्क स्थापित करने में कठिनाई हो रही है।
पुलिस का कहना है कि पीड़िता का बयान दर्ज होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की गंभीरता से जांच जारी है।