प्रिंस खान के नाम पर रंगदारी मांगने वाले चार आरोपी गिरफ्तार, धनबाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!धनबाद पुलिस ने रंगदारी मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर कुख्यात अपराधी प्रिंस खान उर्फ छोटे सरकार के नाम पर फोन कर एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का आरोप है। यह मामला बरवाअड्डा थाना क्षेत्र का है।
गुरुवार को मामले की जानकारी देते हुए ऋत्विक श्रीवास्तव ने बताया कि 6 मई 2026 को गुलाम अंसारी ने बरवाअड्डा थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में कहा गया था कि अज्ञात अपराधियों द्वारा फोन कर जान से मारने की धमकी दी जा रही है और एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी जा रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए धनबाद पुलिस ने तकनीकी जांच शुरू की। मोबाइल नंबर, कॉल डिटेल और लोकेशन ट्रैकिंग के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। इसके बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर विशेष छापेमारी टीम गठित कर कार्रवाई की गई।
पुलिस ने इस मामले में देवानंद सिंह उर्फ चंदन सिंह, बालक कुमार दास, मो. नासिर अंसारी उर्फ जयकांत सिकरे और सुरेंद्र कुमार महतो उर्फ गोलक को गिरफ्तार किया है।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने प्रिंस खान उर्फ छोटे सरकार के नाम का इस्तेमाल कर गुलाम अंसारी के अलावा धनबाद स्थित असर्फी अस्पताल के संचालक से भी रंगदारी मांगने के लिए फोन किया था।
पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त एक सैमसंग कंपनी का कीपैड मोबाइल और एक रियलमी कंपनी का स्क्रीन टच मोबाइल बरामद किया है।
फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और मामले में अन्य संभावित संलिप्त लोगों की तलाश जारी है।