चलती ट्रेन में लहराई पिस्तौल, RPF की बहादुरी से टला बड़ा हादसा
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!रांची: हावड़ा से हटिया आ रही क्रियायोगा एक्सप्रेस गुरुवार को उस वक्त दहशत की पटरी पर दौड़ने लगी, जब ट्रेन के सामान्य कोच में एक युवक खुलेआम देशी पिस्तौल लहराकर यात्रियों को धमकाने लगा। कोच में चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की तत्परता और बहादुरी से बड़ा हादसा टल गया।
यह घटना ट्रेन संख्या 18615 हावड़ा-हटिया क्रियायोगा एक्सप्रेस की है। जानकारी के अनुसार, RPF पोस्ट रांची की एस्कॉर्ट टीम चांडिल से हटिया तक सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात थी। जैसे ही ट्रेन कीता रेलवे स्टेशन पार कर आगे बढ़ी, सामान्य कोच से अचानक शोर-शराबे और यात्रियों के चिल्लाने की आवाज आने लगी।
आवाज सुनते ही RPF जवान तुरंत कोच में पहुंचे। वहां का नजारा देख जवान भी हैरान रह गए। एक युवक हाथ में देशी पिस्तौल लेकर यात्रियों को डरा रहा था, जबकि उसका साथी गाली-गलौज कर माहौल को और तनावपूर्ण बना रहा था।
RPF टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों युवकों को मौके पर ही दबोच लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से एक अवैध देशी पिस्तौल और 7.65 एमएम की एक जिंदा गोली बरामद की गई।
पूछताछ में आरोपियों की पहचान रांची के बरियातू जोड़ा तालाब स्थित सरताज कॉलोनी निवासी अकीब खान और रेहान खान के रूप में हुई। आरोपियों ने खुलासा किया कि टाटानगर स्टेशन के पास एक अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें यह हथियार और गोली दी थी। दोनों इसे रांची के स्थानीय इलाके में सप्लाई करने वाले थे।
बताया जा रहा है कि यात्रियों ने जब दोनों को हथियार संभालते देखा, तो डर के मारे शोर मचाने लगे। इसके बाद दोनों आरोपियों ने पिस्तौल लहराकर लोगों को धमकाना शुरू कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही मंडल सुरक्षा आयुक्त पवन कुमार के निर्देश पर रांची स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। ट्रेन पहुंचते ही उप निरीक्षक सूरज पांडेय और अपराध शाखा (CIB) की टीम ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर GRP रांची के हवाले कर दिया।
फिलहाल GRP मामले की जांच में जुटी है और हथियार सप्लाई करने वाले अज्ञात व्यक्ति की तलाश की जा रही है।