शांतिपूर्ण मतदान के लिए पुलिस का मास्टर-प्लान तैयार, जिले को सेक्टर-जोन में बांटकर कड़ी निगरानी
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
धनबाद : नगर निकाय चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को समाहरणालय स्थित पुलिस मुख्यालय सभागार में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसएसपी प्रभात कुमार ने की, जिसमें जिले के कई वरीय पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान एसएसपी ने चुनाव ड्यूटी में तैनात पुलिस पदाधिकारियों को उनकी भूमिका, जिम्मेदारियों एवं कानूनी दायित्वों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता और मतदाताओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिले को सेक्टर और जोन में बांटा गया
नगर निकाय चुनाव को लेकर पुलिस ने मुकम्मल तैयारी कर ली है। सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए पूरे जिले को अलग-अलग सेक्टर और जोन में विभाजित किया गया है। प्रत्येक सेक्टर व जोन में पुलिस पदाधिकारी, मजिस्ट्रेट और अतिरिक्त बल की तैनाती सुनिश्चित की गई है ताकि किसी भी स्थिति से तत्काल निपटा जा सके।
48 घंटे तक सक्रिय रहेगी QRT
त्वरित कार्रवाई के लिए विशेष क्यूआरटी (Quick Response Team) का गठन किया गया है। सभी क्यूआरटी टीमों को 22 फरवरी से लेकर 23 फरवरी की रात तक लगातार मुस्तैद रहने का निर्देश दिया गया है। ये टीमें लगातार गश्त करेंगी तथा अन्य सुरक्षा बलों के साथ संपर्क में रहकर किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करेंगी।
डिस्पैच सेंटर से मतगणना स्थल तक कड़ी सुरक्षा
पुलिस ने मतदान प्रक्रिया के हर चरण पर अभेद सुरक्षा कवच तैयार किया है। मतपत्र वितरण से लेकर मतपेटी की वापसी तक कड़ी निगरानी रहेगी। डिस्पैच सेंटर से मतपत्र निकलने से लेकर मतदान केंद्र तक पहुँचने, सुरक्षित मतदान संपन्न कराने और मतपेटी को सुरक्षित मतगणना स्थल तक लाने के दौरान चप्पे-चप्पे पर पुलिस का पहरा रहेगा।
सभी रूट पहले से सैनिटाइज किए जाएंगे तथा संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
कंट्रोल रूम से होगी लाइव मॉनिटरिंग
पूरी चुनावी प्रक्रिया की लाइव मॉनिटरिंग पुलिस कंट्रोल रूम से की जाएगी। सभी टीमों को वायरलेस एवं आधुनिक संचार व्यवस्था से जोड़ा गया है, ताकि किसी भी सूचना पर तुरंत प्रतिक्रिया दी जा सके।
एसएसपी ने सभी पुलिस पदाधिकारियों को निष्पक्षता बनाए रखने, विशेष सतर्कता बरतने और मतदाताओं व मतदान कर्मियों के साथ शालीन व्यवहार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में डीएसपी मुख्यालय धीरेन्द्र नारायण बंका, डीएसपी सुनील सिंह, डीएसपी प्रदीप मिंज समेत कई अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।