नगर निकाय चुनाव की तैयारियों का उपायुक्त ने लिया जायजा, डिस्पैच व रिसीविंग सेंटर का किया निरीक्षण
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
धनबाद : नगर निकाय चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी श्री आदित्य रंजन ने मंगलवार की शाम जिले के विभिन्न डिस्पैच, रिसीविंग सेंटर, स्ट्रांग रूम एवं काउंटिंग हॉल का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने न्यू टाउन हॉल के समीप स्थित मटेरियल कोषांग, गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक स्थित रिसीविंग सेंटर एवं स्ट्रांग रूम तथा बिरसा मुंडा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स स्थित डिस्पैच सेंटर का जायजा लिया।
गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक में धनबाद नगर निगम के लिए ग्राउंड, फर्स्ट एवं सेकेंड फ्लोर पर तैयार किए जा रहे काउंटिंग हॉल, स्ट्रांग रूम एवं रिजर्व स्ट्रांग रूम का निरीक्षण किया गया। साथ ही चिरकुंडा नगर परिषद के लिए बनाए जा रहे काउंटिंग हॉल एवं स्ट्रांग रूम का भी अवलोकन किया गया। मतदान के पश्चात मतदान सामग्री प्राप्त करने हेतु चिन्हित स्थलों की व्यवस्था की भी समीक्षा की गई।
इसके पश्चात उपायुक्त ने बिरसा मुंडा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स स्थित डिस्पैच सेंटर का निरीक्षण करते हुए सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं निर्वाची पदाधिकारियों के बैठने की व्यवस्था, वाहनों की पार्किंग, कंट्रोल रूम सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट व बड़े अक्षरों में साइन बोर्ड लगाने, 16 फरवरी तक सभी तैयारियां पूर्ण करने तथा 17 फरवरी को सभी निर्वाची पदाधिकारियों एवं मतदान कर्मियों द्वारा अपने-अपने कार्यस्थलों का भौतिक सत्यापन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
इस अवसर पर अनुमंडल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर हेमा प्रसाद, उप निर्वाचन पदाधिकारी मुकेश कुमार बाउरी, जिला परिवहन पदाधिकारी दिवाकर सी. द्विवेदी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।