धनबाद में किडनी केयर क्लिनिक संचालक को जान से मारने की धमकी, ICU के बाहर चिपका पत्र
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
धनबाद के नावाडीह इलाके में स्थित किडनी केयर क्लिनिक के संचालक डॉ. मिहिर कुमार को जान से मारने की धमकी मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। बिरसा मुंडा पार्क के समीप महाकेश्वर कॉम्पलेक्स में स्थित क्लिनिक की ICU के बाहर एक धमकी भरा पत्र चिपका हुआ पाया गया।

इस मामले में डॉ. मिहिर की शिकायत पर धनबाद थाना में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
डॉ. मिहिर ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि 9 फरवरी की रात उनकी क्लिनिक की ICU के बाहर यह धमकी भरा पत्र चिपकाया गया था। क्लिनिक के कर्मी असलम ने पत्र देख उसकी तस्वीर व्हाट्सऐप के माध्यम से उन्हें भेजी। सूचना मिलते ही डॉ. मिहिर तुरंत क्लिनिक पहुंचे, जहां पत्र ICU के बाहर चिपका हुआ मिला।
धमकी भरे पत्र में लिखा था—
“डॉक्टर, तुम्हारी किस्मत अच्छी है। उस दिन ग्रुप में होने की वजह से बच गए, नहीं तो गोली मार देता। जिस तरह नीरज की हत्या हुई है, उसी तरह मारूंगा। इसे हल्के में मत लेना। जितना जीना है, जी लो। 4 तारीख को मार दूंगा। एसपी या डीएसपी के पास जाओ, फिर भी तुम्हें मरना पड़ेगा।”
पत्र के नीचे अंग्रेज़ी में “kill” लिखा हुआ है।
डॉ. मिहिर ने आशंका जताई है कि यह धमकी रंगदारी वसूली के उद्देश्य से दी गई हो सकती है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से अपनी और क्लिनिक स्टाफ की जान-माल की सुरक्षा की मांग की है।
फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। एहतियातन इलाके में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है।