डॉक्टर को जान से मारने की धमकी का मामला: खबर मिलते ही सांसद ढुलू महतो ने लिया संज्ञान, अस्पताल पहुंचकर बढ़ाया हौसला
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
धनबाद: धनबाद के नावाडीह स्थित बिरसा मुंडा पार्क के समीप महाकेश्वर कॉम्प्लेक्स में संचालित किडनी केयर क्लिनिक के संचालक डॉ. मिहिर कुमार को जान से मारने की धमकी दिए जाने का मामला सामने आया है। अज्ञात अपराधियों द्वारा आईसीयू के बाहर धमकी भरा पत्र चिपकाकर डॉक्टर को डराने का प्रयास किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही धनबाद के माननीय सांसद श्री ढुलू महतो तत्काल अस्पताल पहुंचे और डॉ. मिहिर कुमार से मुलाकात कर उनका हौसला बढ़ाया। सांसद ने डॉक्टर से निर्भीक होकर अपना कार्य जारी रखने की बात कही और उन्हें हरसंभव सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
मौके पर ही सांसद श्री ढुलू महतो ने धनबाद के एसएसपी से फोन पर बातचीत कर मामले में शामिल अपराधियों की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
इस दौरान सांसद महोदय ने कहा कि धनबाद में डॉक्टरों और व्यापारियों के बीच भय का माहौल बनाने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने अपराधियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि यदि ऐसी घटनाएं दोहराई गईं तो धनबाद में भी यूपी मॉडल जैसी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और धमकी देने वालों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।