पप्पू यादव को जमानत मिली, फिर भी जेल में रहेंगे पूर्णिया सांसद — जानिए पूरी वजह

पप्पू यादव को जमानत मिली, फिर भी जेल में रहेंगे पूर्णिया सांसद — जानिए पूरी वजह

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव को पटना सिविल कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। अदालत ने उन्हें 31 साल पुराने एक मामले में जमानत प्रदान कर दी है। जैसे ही कोर्ट का फैसला आया, सुबह से कोर्ट परिसर में मौजूद समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई।
गौरतलब है कि पप्पू यादव को पटना पुलिस ने शुक्रवार (8 फरवरी) की रात गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। उन्होंने सिर दर्द, घबराहट और दिल की धड़कन तेज होने की शिकायत की, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें पटना मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (PMCH) में भर्ती कराया।
इसके बाद उनका इलाज इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (IGIMS) में भी कराया गया, जहां स्वास्थ्य जांच रिपोर्ट सामान्य पाई गई। स्वास्थ्य में सुधार के बाद रविवार रात उन्हें बेऊर जेल भेज दिया गया।
पप्पू यादव की जमानत याचिका पर कोर्ट ने सोमवार (9 फरवरी) को सुनवाई टाल दी थी। वहीं मंगलवार दोपहर 2 बजे हुई सुनवाई में कोर्ट ने जमानत मंजूर कर ली।
हालांकि, जमानत मिलने के बावजूद पप्पू यादव फिलहाल जेल में ही रहेंगे। बताया जा रहा है कि सरकारी कार्य में बाधा डालने के एक नए मामले में उन्हें अभी जमानत नहीं मिली है। यह मामला उनकी गिरफ्तारी के बाद पटना पुलिस द्वारा दर्ज किया गया था।
दरअसल, जब पटना पुलिस उन्हें गिरफ्तार करने पहुंची थी, उस दौरान पुलिस अधिकारियों और सांसद के बीच काफी नोंकझोंक हुई थी। पप्पू यादव ने रात में गिरफ्तारी का विरोध किया था, जिसके बाद यह नया मामला दर्ज किया गया।
जब तक इस नए केस में उन्हें जमानत नहीं मिलती, तब तक उनकी जेल से रिहाई संभव नहीं है।

About Author

error: Content is protected !!