कंचनडीह में सड़क हादसा: दिव्यांग इडली विक्रेता की मौत, एनएच-19 जाम
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
निरसा | धनबाद
निरसा थाना क्षेत्र के कंचनडीह में एक दर्दनाक सड़क हादसे में दिव्यांग इडली विक्रेता गुड्डन अंसारी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने एनएच-19 को जाम कर दिया, जिससे घंटों आवागमन पूरी तरह ठप रहा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुड्डन अंसारी रोज़ की तरह बरेली पैसेंजर ट्रेन से इडली बेचकर मुग्मा स्टेशन पर उतरे थे और पैदल अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान निरसा की ओर से आ रहे ट्रक (JH-02-AR-3076) ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीण मौके पर जुट गए। मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा और सरकारी सहायता देने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक चालक ने गुड्डन को बचाने की कोशिश की, लेकिन दुर्भाग्यवश हादसा टल नहीं सका।
गुड्डन अंसारी परिवार के इकलौते कमाने वाले थे। दिव्यांग होने के बावजूद वे मेहनत कर ट्रेन में इडली बेचकर परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची तथा ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम हटाने का प्रयास किया जा रहा है। प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को सहायता दिलाने का आश्वासन दिया गया है।