सरस्वती पूजा का प्रसाद कुत्ते द्वारा चाटे जाने की अफवाह से गांव में दहशत, 250 से अधिक लोगों ने किया था सेवन
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!धनबाद (टुंडी): धनबाद जिले के टुंडी थाना क्षेत्र अंतर्गत उत्क्रमित उच्च विद्यालय, लोधोरिया में आयोजित सरस्वती पूजा के बाद प्रसाद को लेकर गांव में डर और दहशत का माहौल बन गया है। मामला 24 जनवरी 2026 का बताया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सरस्वती पूजा संपन्न होने के बाद बच्चों सहित गांव के करीब 250 से अधिक ग्रामीणों ने प्रसाद ग्रहण किया। इसी दौरान कुछ बच्चों द्वारा यह कहे जाने के बाद कि प्रसाद को कुत्ते ने चाट लिया था, यह खबर गांव में आग की तरह फैल गई। इसके बाद ग्रामीणों में रेबीज संक्रमण को लेकर भय का माहौल बन गया।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने टुंडी के चिकित्सा प्रभारी से संपर्क किया। चिकित्सा प्रभारी द्वारा एहतियातन एंटी रेबीज का टीका लगाया गया, लेकिन टीके की पर्याप्त उपलब्धता नहीं होने के कारण सभी लोगों को अब तक टीका नहीं लग पाया है।
ग्रामीणों का कहना है कि बड़ी संख्या में लोगों द्वारा प्रसाद सेवन किए जाने के कारण चिंता और डर लगातार बना हुआ है। वहीं स्वास्थ्य विभाग से ग्रामीणों ने पर्याप्त मात्रा में एंटी रेबीज वैक्सीन उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि सभी लोगों को समय पर टीकाकरण किया जा सके।
फिलहाल प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है।