धनबाद मेयर चुनाव 2026: संजीव सिंह ने जताई दावेदारी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष को भेजा पत्र

धनबाद मेयर चुनाव 2026: संजीव सिंह ने जताई दावेदारी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष को भेजा पत्र

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

धनबाद। धनबाद नगर निगम चुनाव-2026 को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। झारखंड विधानसभा के पूर्व सदस्य संजीव सिंह ने मेयर पद के लिए अपनी दावेदारी पेश करते हुए भारतीय जनता पार्टी झारखंड के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू को औपचारिक पत्र भेजा है।
पत्र के माध्यम से संजीव सिंह ने स्वयं को पार्टी का निष्ठावान, अनुशासित एवं समर्पित कार्यकर्ता बताते हुए कहा है कि वे लंबे समय से संगठन, विचारधारा और राष्ट्रसेवा के प्रति प्रतिबद्ध रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि यदि पार्टी उन्हें अवसर देती है, तो वे धनबाद शहर के सर्वांगीण विकास और जनकल्याण के लिए पूरी ईमानदारी एवं निष्ठा से कार्य करेंगे।
संजीव सिंह ने अपने राजनीतिक एवं सामाजिक अनुभव का उल्लेख करते हुए कहा कि उनका परिवार वर्षों से सार्वजनिक जीवन में सक्रिय रहा है। उनके पिता स्वर्गीय सूर्यदेव सिंह चार बार विधायक रह चुके हैं, जबकि उनकी माता कुंती देवी भी दो बार विधायक के रूप में जनता की सेवा कर चुकी हैं। वर्तमान में उनकी पत्नी रागिनी सिंह झरिया विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं।
उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि वे वर्तमान समय में बीसीसीएल से जुड़े श्रमिक संगठनों के माध्यम से मजदूरों के अधिकार, हित और सामाजिक-आर्थिक कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं। इससे उन्हें जमीनी स्तर पर आम जनता और श्रमिकों की समस्याओं की गहरी समझ प्राप्त हुई है।
पत्र में संजीव सिंह ने पार्टी नेतृत्व से मार्गदर्शन और समर्थन की अपील करते हुए स्पष्ट किया कि वे संगठन द्वारा लिए गए हर निर्णय और निर्देश का पूर्ण पालन करेंगे।
मेयर पद को लेकर संजीव सिंह की इस दावेदारी के बाद धनबाद की राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं और नगर निगम चुनाव को लेकर माहौल गर्माता नजर आ रहा है।

About Author

error: Content is protected !!