बोकारो में नशे में धुत ट्रेलर चालक का कहर: 1 की मौत, 10 से अधिक घायल, चालक गिरफ्तार

बोकारो में नशे में धुत ट्रेलर चालक का कहर: 1 की मौत, 10 से अधिक घायल, चालक गिरफ्तार

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

बोकारो : पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र के काशीझरिया–संथालडीह चौवाटांड़ मोड़ के बीच आज एक भयावह सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। चास से पुरुलिया की ओर जा रहा एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर एक के बाद एक कई वाहनों को रौंदता चला गया। इस भीषण हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि 10 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेलर चालक नशे की हालत में था और कुर्रा से लेकर काशीझरिया तक पांच अलग-अलग स्थानों पर टेंपू, बाइक और साइकिल सवारों को टक्कर मारता गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
घायलों को आनन-फानन में बोकारो सदर अस्पताल लाया गया, जहाँ इलाज के दौरान पुरुलिया (पश्चिम बंगाल) निवासी सुरेश महतो की मौत हो गई।
सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. एन. पी. सिंह ने बताया कि सुरेश की हालत अत्यंत गंभीर थी और अस्पताल पहुँचते ही उन्होंने दम तोड़ दिया। घायलों में से दो की स्थिति गंभीर होने पर उन्हें रेफर किया गया है, जबकि अन्य का इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही माननीय विधायक श्रीमती श्वेता सिंह के निर्देश पर प्रशासनिक टीम मौके पर पहुँची। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और बाद में सदर अस्पताल जाकर घायलों से मुलाकात की तथा इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रेलर चालक को हिरासत में ले लिया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नशे में वाहन चलाकर आम जनता की जान से खेलने वालों पर सख़्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और नशे में ड्राइविंग के खिलाफ सख़्त कदम उठाने की आवश्यकता को उजागर करता है।

About Author

error: Content is protected !!