अपहृत कारोबारी कैरव गांधी सकुशल बरामद, 14 दिन बाद पुलिस को बड़ी सफलता
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!कैरव गांधी अपहरण कांड का खुलासा, NH-19 से सकुशल बरामद
DGP की हाई लेवल मीटिंग के बाद तेज हुई कार्रवाई, कैरव गांधी सुरक्षित मुक्त
जमशेदपुर के चर्चित कारोबारी कैरव गांधी के अपहरण मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने अपहृत कारोबारी को सकुशल बरामद कर उनके परिजनों को सौंप दिया है। यह बरामदगी राष्ट्रीय राजमार्ग-19 (NH-19) के पास एक स्थान से की गई।
एसएसपी पीयूष पांडेय के निर्देश पर गठित विशेष जांच टीम ने लगातार दबिश देते हुए रविवार तड़के करीब 4:30 बजे कैरव गांधी को सुरक्षित मुक्त कराया। एसएसपी ने बरामदगी की पुष्टि करते हुए बताया कि कारोबारी पूरी तरह सुरक्षित हैं।
उन्होंने कहा कि अपहरण में शामिल अपराधियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
गौरतलब है कि कारोबारी कैरव गांधी बीते 14 दिनों से लापता थे। उनके अपहरण से न सिर्फ परिवार बल्कि पूरे शहर में चिंता का माहौल बना हुआ था। मामले को लेकर पुलिस पर भी लगातार दबाव बढ़ रहा था।
DGP ने की थी हाई लेवल मीटिंग
मामले की गंभीरता को देखते हुए 25 जनवरी को झारखंड की डीजीपी तदाशा मिश्रा स्वयं जमशेदपुर पहुंची थीं। उन्होंने शहर की कानून-व्यवस्था की समीक्षा की और अपहरण स्थल का निरीक्षण कर जांच की प्रगति की जानकारी ली थी।
डीजीपी के सख्त निर्देशों के बाद पुलिस की कार्रवाई और तेज हुई, जिसका नतीजा आज सामने आया।
परिजनों ने जताया आभार
कैरव गांधी की सुरक्षित वापसी से परिवार में खुशी का माहौल है। परिजनों ने पुलिस प्रशासन का आभार जताते हुए कहा कि पुलिस की तत्परता और मेहनत से उनके बेटे की जान बच सकी। फिलहाल पुलिस पूरे अपहरण कांड की साजिश और आरोपियों की भूमिका की गहन जांच में जुटी है।