झरिया के अशोक नगर में महिला सफाईकर्मी से मारपीट, दुकानदार पर गंभीर आरोप
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
झरिया : झरिया थाना क्षेत्र के अशोक नगर से मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है। यहां पेशे से सफाईकर्मी महिला मंजू देवी के साथ एक दुकानदार द्वारा मारपीट और बदसलूकी किए जाने का आरोप लगा है। पीड़िता मंजू देवी झरिया के कोरी बांध की रहने वाली हैं।
पीड़िता के अनुसार, वह रोज़ की तरह अपने निर्धारित सफाई कार्य में लगी हुई थीं। इसी दौरान एक दुकानदार ने उन्हें बुलाकर अलग-अलग स्थानों पर सफाई करने को कहा। जब वह पास में शौच किए गए स्थान की सफाई करने पहुंचीं, तभी दुकानदार ने अचानक उनका झाड़ू छीन लिया और साड़ी पकड़कर खींचते हुए उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।
आरोप है कि दुकानदार ने झाड़ू से महिला के कान, हाथ और सिर पर हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद महिला ने आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायल महिला को लेकर झरिया थाना पहुंचे।
पीड़िता की ओर से आरोपी दुकानदार के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। महिला ने न्याय की गुहार लगाते हुए कहा कि उसके साथ हुई यह घटना न सिर्फ अपमानजनक है बल्कि पूरी तरह अमानवीय भी है।
वहीं थाना पहुंचे स्थानीय लोगों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।