धनबाद की राजनीति में हलचल, मेयर चुनाव लड़ेंगी पूर्व मेयर इंदु सिंह

धनबाद की राजनीति में हलचल, मेयर चुनाव लड़ेंगी पूर्व मेयर इंदु सिंह

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

धनबाद नगर निगम के आगामी मेयर चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। पूर्व मेयर इंदु सिंह ने एक बार फिर मेयर पद के लिए चुनाव मैदान में उतरने की घोषणा की है। यह ऐलान उन्होंने सोमवार को आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में किया।
इंदु सिंह ने कहा कि वह पहले भी धनबाद की मेयर रह चुकी हैं और जनता की सेवा के उद्देश्य से एक बार फिर चुनाव लड़ने का निर्णय लिया है। उन्होंने दावा किया कि उन्हें शहरवासियों का व्यापक समर्थन मिल रहा है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद उनकी बहू एवं राष्ट्रीय जनता कामगार संघ की महामंत्री आशनी सिंह ने बताया कि इंदु सिंह धनबाद की पहली मेयर रही हैं, ऐसे में इस बार उनकी दावेदारी पूरी तरह स्वाभाविक है। उन्होंने कहा कि नगर निगम के सभी 55 वार्डों से उन्हें समर्थन मिल रहा है और जनता की मांग पर ही इंदु सिंह ने चुनाव लड़ने का फैसला लिया है। साथ ही राष्ट्रीय जनता कामगार संघ का पूर्ण समर्थन भी उन्हें प्राप्त है।
गौरतलब है कि वर्ष 2010 में हुए धनबाद नगर निगम के पहले चुनाव में इंदु सिंह मेयर निर्वाचित हुई थीं। उस समय मेयर पद सामान्य महिला के लिए आरक्षित था। इस बार मेयर सीट अनारक्षित (जनरल) है, जिससे चुनाव और भी दिलचस्प हो गया है।
सूत्रों के अनुसार, आने वाले 10–15 दिनों में धनबाद की राजनीति के कई दिग्गज नेता मेयर पद के लिए अपनी उम्मीदवारी की घोषणा कर सकते हैं। दो चुनावों के बाद पहली बार मेयर सीट अनारक्षित होने से मुकाबला बेहद कड़ा माना जा रहा है।

About Author

error: Content is protected !!