जामताड़ा से बड़ी खबर..बालाजी ज्वेलर्स दुकान कालूटकांड का पर्दाफाश: एसआईटी की सटीक कार्रवाई से चार आरोपी गिरफ्तार,

जामताड़ा जिले में 25 दिसंबर 2025 को बालाजी ज्वेलर्स में हुई लूट और फायरिंग की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने सफलतापूर्वक पर्दाफाश कर दिया है। एसआईटी की सटीक और त्वरित कार्रवाई में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो अपराधी अब भी फरार हैं, जिनकी तलाश में लगातार छापेमारी जारी है।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

जामताड़ा थाना क्षेत्र के कायस्थपाड़ा चौक स्थित बालाजी ज्वेलर्स दुकान में घटना के दिन शाम के समय दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार हथियारबंद अपराधी घुसे थे। लूटपाट के दौरान विरोध करने पर दुकान मालिक अमन वर्मा को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया था। वारदात के बाद अपराधी बाजार में दहशत फैलाते हुए फायरिंग करते हुए फरार हो गए थे।

इस मामले में जामताड़ा थाना कांड संख्या 137/25 के तहत बीएनएस की धारा 309(6) एवं आर्म्स एक्ट की धारा 27 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक राजकुमार मेहता के निर्देश पर एसडीपीओ जामताड़ा, एसडीपीओ नाला और डीएसपी मुख्यालय के नेतृत्व में तीन विशेष अनुसंधान टीम (एसआईटी) का गठन किया गया।

एसआईटी ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचनाओं के आधार पर लगातार छापेमारी अभियान चलाया। इसी क्रम में अजीत यादव और हसमत अंसारी को बिना नंबर प्लेट की पल्सर मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान अजीत यादव के पास से 7.65 एमएम बोर का लोडेड देशी पिस्टल बरामद हुआ। पूछताछ में दोनों की निशानदेही पर चंदन कुमार साव और मुकेश यादव को भी गिरफ्तार किया गया। चंदन की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, कपड़े और अन्य सामान बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार इस कांड में शामिल फरार अभियुक्त अनिल सिंह और प्रवीण कुमार की गिरफ्तारी के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं। प्रेस वार्ता में एसपी राजकुमार मेहता ने स्पष्ट किया कि जामताड़ा पुलिस अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

जामताड़ा पुलिस की इस कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप है, वहीं आम लोगों में सुरक्षा को लेकर भरोसा और मजबूत हुआ है।

About Author

error: Content is protected !!